bjymo-releases-state-wise-special-helpline-for-kovid-19
bjymo-releases-state-wise-special-helpline-for-kovid-19

भाजयुमो ने कोविड-19 के लिए राज्यवार विशेष हेल्पलाइन जारी की

नई दिल्ली, 20 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने कोरोना महामारी के इस दौर में परेशान लोगों की मदद के लिए राज्यवार विशेष कोविड-19 हेल्पलाइन का शुभारंभ किया। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश के नागरिकों की समस्याओं को सुनने और उन्हें संबोधित करने का काम करती है। जब भी बड़े पैमाने पर जनमानस प्रभावित करने वाली आपदा होती है, तो भाजयुमो विशेष रूप से, सामाजिक सेवा प्रदान करने में अग्रणी भूमिका निभाता है। ये हेल्पलाइन नम्बर हमारे मंत्र #भाजयुमोकेयर का एक विस्तार है। उन्होंने कहा, महाराष्ट्र, दिल्ली, मध्य प्रदेश और कर्नाटक जैसे राज्यों में कोविड-19 संक्रमणों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है, इसलिए हमने परामर्श और नागरिकों की सहायता के लिए यह हेल्पलाइन शुरू की है। पहले चरण में, उन राज्यों में हेल्पलाइन को कार्यात्मक बनाया गया है जहां मरीजों की संख्या अधिक है। अगले दो दिनों में सभी राज्य इकाइयों में इसका विस्तार किया जाएगा। सूर्या ने कहा कि भाजयुमो कोविड-19 महामारी से जूझ रहे सभी नागरिकों को हर संभव सहायता पहुंचाने का कार्य करेगा। आम जनता की मदद करने के लिए चाहे डॉक्टर परामर्श हो, होम आइसोलेशन हो, टीकाकरण या फिर अस्पताल में भर्ती होना का विषय हो, युवा मोर्चा कार्यकर्ता हर कार्य के लिए प्रतिबद्ध हैं। हेल्पलाइन को संभालने वाले कार्यकर्ता, अस्पतालों में भर्ती रोगियों और स्थानीय नगरपालिका अधिकारियों के साथ समन्वय बनाएंगे और रेमेडिसविर आदि जैसी दवाओं की उपलब्धता के लिए सहायता का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा उन परिवारों की भी मदद करेगा जिनके परिजनों की मृत्यु हो गई और उन्हें अंतिम संस्कार में किसी प्रकार की मदद की ज़रूरत है। टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए युवा मोर्चा, निकटतम टीकाकरण केंद्र पर पहुंचाने के लिए वाहन व्यवस्था भी सुनिश्चित करेगा। भाजयुमो द्वारा राज्यवार जारी हेल्पलाइन का नंबर इस प्रकार है- मुंबई (020 6732 6460), दिल्ली (011 6119 5322), महाराष्ट्र (020 6732 6090), मध्य प्रदेश (0731 4821 330) और पुदुचेरी (044 6171 3330) के लिए समर्पित हेल्पलाइन लॉन्च किए। बिहार, केरल, हिमाचल प्रदेश, त्रिपुरा और मणिपुर द्वारा भी इसी प्रकार की हेल्पलाइन्स लॉन्च किए गए हैं। युवा मोर्चा कार्यकर्ता हर कॉल खुद अटेंड करते हैं। इस हेल्पलाइन के माध्यम से कोविड-19 के परीक्षण, दवाओं की उपलब्धता, टीकाकरण और अस्पताल में भर्ती के संबंध में सहायता प्रदान करेंगे तथा स्थानीय निगम प्रशासनों से समन्वय स्थापित भी करेंगे। इस हेल्पलाइन के अलावा, युवा मोर्चा इस महीने के अंत में एक देशव्यापी ब्लड व प्लाज्मा डोनेशन अभियान भी आयोजित करेगा और कोविड-19 से ठीक हो चुके लोगों से ब्लड व प्लाज़्मा डोनेट करने की अपील करेगा। हिन्दुस्थान समाचार/अजीत

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in