the-world-appreciated-the-efforts-of-the-prime-minister-in-controlling-kovid-deepak-prakash
the-world-appreciated-the-efforts-of-the-prime-minister-in-controlling-kovid-deepak-prakash

कोविड नियंत्रण में प्रधानमंत्री के प्रयासों को दुनिया ने सराहा : दीपक प्रकाश

रांची, 24 जून (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में गुरुवार को पार्टी कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, विधायकों जिलाध्यक्षों, नगर निकाय के अध्यक्षों की बैठक हुई। बैठक में पार्टी द्वारा चलाये जा रहे विभिन्न सम्पन्न संगठनात्मक कार्यक्रमो की समीक्षा एवं आगामी कार्यक्रमों की तैयारी पर विस्तार से चर्चा की गई। दीपक प्रकाश ने 21 जून से पूरे देश मे केंद्र सरकार द्वारा प्रारंभ किये मुफ्त कोविड टीकाकरण अभियान की प्रशंसा करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार प्रकट किया। प्रकाश ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में कोविड से निबटने के लिये किये गए प्रयासों को दुनिया मे सराहा जा रहा है। प्रधानमंत्री ने पहले चरण से ही कम संसाधनों में भी देश को महामारी से बचाया यह उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति एवम दूरदर्शी सोच का ही परिणाम है। दूसरी लहर से देश को बचाने में केंद्र सरकार ने परिश्रम की पराकाष्ठा की है। प्रकाश ने कहा कि भारत के टीकाकरण अभियान की डब्लूएचओ ने सराहना की। आज भारत विश्व के स्वदेशी टीका के निर्माण विकसित देशों के साथ खड़ा है। नौ महीने में भारत ने स्वदेशी टीका का निर्माण कर दुनिया को अचंभित कर दिया। और यह हुआ भारत के वैज्ञानिकों के प्रयासों के साथ प्रधानमंत्री के दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण। पार्टी कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने कोरोना संकट के बीच तीन हजार यूनिट से ज्यादा रक्तदान का रिकॉर्ड बनाया। कांग्रेस ने केवल जनता को दिग्भ्रमित किया है। टीका के संबंध में कांग्रेस नेताओं के बयान को कभी माफ नही किया जा सकता। कांग्रेस ने कार्यक्रमो को भटकाने और लटकाने का काम किया है। कांग्रेस और उनके समर्थन से चल रही सरकारों में वैक्सीन की सर्वाधिक बर्बादी हुई है। भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कोरोना संक्रमण जब सर्वोच्च स्तर पर था उस वक्त सर्वाधिक मौतें झारखंड में हुई। यह सब हुआ राज्य सरकार के कुप्रबंधन के कारण। केंद्र सरकार द्वारा दी गई सुविधा का भी सदुपयोग नही हुआ। एक साल तक वेंटिलेटर को कूड़ेदान में रख दिया। जरूरत पर केंद्र को दोष मढ़ने लगे। मुख्यमंत्री अपने प्रदेश में ऑक्सीजन की व्यवस्था नही कर रहे थे बल्कि केंद्र सरकार की पहल पर दूसरे राज्यों को भेजे जा रहे ऑक्सीजन ट्रेन को झंडी दिखाकर फ़ोटो खिंचवा रहे थे। प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने सेवा ही संगठन के माध्यम से गरीबो की सेवा की ,रक्तदान किये। किसानों की समस्याओ के समाधान के लिये हजारों की संख्या में खेतों में उतरकर सरकार को झुकने को मजबूर कर दिया। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in