kovid-19-suspected---special-ward-for-infected-pregnant-women-reopened-at-sadar-hospital
kovid-19-suspected---special-ward-for-infected-pregnant-women-reopened-at-sadar-hospital

कोविड-19 : संदिग्ध- संक्रमित गर्भवती महिलाओं को लिए सदर अस्पताल में फिर से चालू हुआ विशेष वार्ड

छपरा, 06 अप्रैल (हि.स.)। कोरोना संकटकाल के बीच मातृत्व स्वास्थ्य सेवाओं को व्यवस्थित एवं सुदृढ करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से तमाम प्रयास किये जा रहें है। इसी कड़ी में छपरा सदर अस्पताल में कोविड-19 से संक्रमित या संदिग्ध गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष प्रसव वार्ड को संक्रमण के बढ़ते मामले के मद्देनजर फिर से मंगलवार को चालू कर दिया गया। प्रत्येक माता व शिशु को सुरक्षित किया जा सकेगा। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ही विशेष वार्ड बनाया गया है। इस वार्ड में सभी जरूरी दवा व उपकरणें की उपलब्धता सुनिश्चित करा दी गयी है। सिविल सर्जन डॉ. जर्नादन प्रसाद सुकुमार ने बताया अगर किसी गर्भवती महिला को कोविड 19 संक्रमण के लक्षण हो तो उन्हें प्रसव के दौरान सभी संलग्न स्वास्थ्य कर्मी भारत सरकार द्वार बताये गये इंफेक्शन प्रीवेंशन एंड कंट्रोल गाइडलाइन में निहित प्रावधान का अनुसरण करना है। इसके लिए अस्पताल में विशेष वार्ड बनाया गया है। इन गर्भवती माताओं के प्रसव कार्य में कम से कम चिकित्सा कर्मियों का उपयोग किया जायेगा। साथ हीं आवश्यकतानुसार कोरोना संक्रमित गर्भवती महिलाओं को रेफर भी किया जायेगा। सुरक्षा के दृष्टि से बनाया गया अलग वार्ड: सिविल सर्जन डॉ. जर्नादन प्रसाद सुकुमार ने कहा कोविड- 19 संक्रमण का प्रसार हो रहा है। लेकिन इस दौर में भी प्रसव सेवाएं को निरंतर गुणवत्ता पूर्वक बनाए रखना जरूरी है। कोविड- 19 से ग्रसित गर्भवती महिलाओं का सुरक्षित प्रसव एवं संक्रमित शिशुओं की सुरक्षा के मद्देनजर अलग से कोविड- 19 पॉजिटिव प्रसूताओं के लिए अलग लेबर रूम की जरूरत बढ़ जाती है। इसे ही ध्यान में रखते हुए विशेष वार्ड को एक बार फिर से चालू कर दिया गया है। सिविल सर्जन डॉ. जर्नादन प्रसाद सुकुमार ने कहा इस वार्ड में साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। आवश्यकतानुसार दिन में तीन से चार बार सफाई की जा रही है। साथ ही पूरे वार्ड को सेनिटाईज भी किया जा रहा है। इस वार्ड में लाइट-पानी टेबल, कुर्सी, बेड, अलमीरा, समेत अन्य जरूरी सेवा उपलब्ध करायी गयी है। इस वार्ड में भर्ती गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य का विशेष ख्याल रखा जायेगा। इस वार्ड में कोविड-19 से बचाव को लेकर विशेष सर्तकर्ता बरती जा रही है। वार्ड में आने वाली गर्भवती महिलाओं के साथ किसी भी परिजन को अंदर जाने की इजाजत नहीं दी गयी है। परिजनों के बैठने के लिए बाहर वेंटिंग हॉल बनाया गया है, जहां वह बैठकर इंतजार करेंगे। साथ ही गर्भवती महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ खाने की भी सुविधा मुहैया करायी गयी है। कोरोनावायरस के संक्रमण से बचने के लिए प्रेग्नेंट महिलाओं को कुछ खास बातों का ध्यान रखना चाहिए। खांसी के दौरान अपने मुंह को ढक कर रखें। टिश्यू ना होने पर खांसी के समय अपने हाथ की बाजू से मुंह ढकें। बीमार लोगों से बिल्कुल भी न मिलें। भीड़ वाली जगहों पर ना जाएं। समय-समय पर हाथ धोते रहें और सैनिटाइजर का इस्तेमाल करते रहें। सावधानी रखें लेकिन घबराएं नहीं क्योंकि स्ट्रेस आपके बच्चे के लिए घातक हो सकता है। हिन्दुस्थान समाचार / गुड्डू

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in