नगर निगम चुनाव में पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखें अधिकारी: निगमायुक्त
नगर निगम चुनाव में पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखें अधिकारी: निगमायुक्त

नगर निगम चुनाव में पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखें अधिकारी: निगमायुक्त

हैदराबाद (तेलंगाना), 18 नवम्बर (हि.स.)। ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम के चुनाव का बिगुल बजते ही राजनीतिक हलचल तेज होने के साथ ही प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। निर्वाचन अधिकारी ने अंतिम मतदाता सूची भी जारी कर दी है। निगम के अधिकारियों ने चुनाव प्रबंधन से जुड़े नियंत्रण कक्ष स्थापित कर दिया है। मंगलवार को नगर निगम आयुक्त लोकेश कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से कहा है कि सबको समन्वय के साथ कार्य करते हुए आगामी चुनाव में पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखना होगा। सभी नोडल अधिकारियों को चुनाव के प्रभावी संचालन के लिए समन्वय में काम करने, सूक्ष्म पर्यवेक्षकों व वेबकास्ट स्वयंसेवकों की भर्ती करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि निगम चुनाव कराने के लिए लगभग 45,000 चुनाव कर्मचारियों की आवश्यकता होगी। आयुक्त लोकेश कुमार ने कहा कि सभी जोनल और डिप्टी कमिश्नर कार्यालयों में चुनाव के कॉल सेंटर स्थापित किए जाएंगे। चुनाव की तैयारियों को लेकर उन्होंने बताया कि मतगणना केंद्रों की पहचान पहले ही पूरी हो चुकी है। मतदान के संचालन के लिए आवश्यक लगभग 20,000 मतपेटियों की जांच भी की जा चुकी है। चुनाव कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम जल्द ही आयोजित किए जाएंगे। मतदाताओं को मतदान पर्ची का वितरण इस महीने की 25 तारीख तक पूरा कर लिया जाएगा। नगर में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। नगर निगम ने सार्वजनिक स्थानों पर लगे राजनीतिक दलों और सांसदों के फोटो, पोस्टर, होर्डिंग और बैनर को हटाने का काम शुरू कर दिया है। हिन्दुस्थान समाचार/ नागराज-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in