गढ़उमरिया खरीदी केन्द्र में धान गुणवत्ता परीक्षण के लिये नियुक्त अधिकारी मिले अनुपस्थित
गढ़उमरिया खरीदी केन्द्र में धान गुणवत्ता परीक्षण के लिये नियुक्त अधिकारी मिले अनुपस्थित

गढ़उमरिया खरीदी केन्द्र में धान गुणवत्ता परीक्षण के लिये नियुक्त अधिकारी मिले अनुपस्थित

कलेक्टर ने निलंबित करने के दिये निर्देश रायगढ़,24दिसंबर(हि.स.) कलेक्टर भीम सिंह ने गढ़उमरिया तथा बिंजकोट के धान उपार्जन केन्द्र का आज औचक निरीक्षण किया। केन्द्र में धान की गुणवत्ता जांच के लिये नियुक्त किये गये कृषि विभाग के अधिकारी के लम्बे समय तक अनुपस्थित रहने की जानकारी मिली। कलेक्टर श्री सिंह ने इस पर गहरी नाराजगी जताते हुये संबंधित अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश दिये। उन्होंने गढ़उमरिया खरीदी केन्द्र में खरीदी के पश्चात बोरे में भरकर रखे धान को तौलवाकर कर देखा। तौल में फर्क आने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुये फड़ प्रभारी को कार्य से हटाने के निर्देश दिये। उन्होंने एसडीएम रायगढ़ को निर्देशित किया कि तहसीलदार तथा खाद्य विभाग के अधिकारी नियमित रूप से धान खरीदी केन्द्रों की जांच करेंगे। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाये जाने पर संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने गढ़उमरिया खरीदी केन्द्र में हमाल की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिये जिससे धान की तौलाई तथा बोरियों की स्टेकिंग की जा सके। बफर लिमिट के अनुसार तत्काल उठाव करवाने के लिये भी कहा। बिंजकोट के धान खरीदी केन्द्र में उन्होंने बारदाने की उपलब्धता की जानकारी ली। प्रभारी ने बताया कि अभी बारदाने पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। कलेक्टर श्री सिंह ने धान बेचने आये किसान श्री बैजनाथ से बात कर धान बिक्री के संबंध में उनके अनुभव जाने। कलेक्टर श्री सिंह ने खरीदी केन्द्र में छोटे बाट भी रखने के निर्देश दिये तथा बफर लिमिट के पूर्व धान का उठाव प्रारंभ करवाने के लिये कहा। इस दौरान उन्होंने अन्य किसानों से भी चर्चा की तथा खरीदी केन्द्र में प्रकाश व्यवस्था सहित किसानों के लिये आवश्यक सुविधायें बनाये रखने के निर्देश दिये। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी, एसडीएम रायगढ़ युगल किशोर उर्वशा, उप संचालक कृषि एल.एम.भगत सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार /रघुवीर प्रधान-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in