परिवहन निगम की बसों में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ना शुरू
परिवहन निगम की बसों में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ना शुरू

परिवहन निगम की बसों में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ना शुरू

लखनऊ, 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में अब यात्रियों की संख्या में तेजी से इजाफा होना शुरू हो गया है। इस समय पूरे प्रदेश में पांच हजार से अधिक बसों का संचालन किया जा रहा है। परिवहन निगम मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि एक जून से पूरे प्रदेश में अंर्तजनपदीय बसों का संचालन किया जा रहा है। शुरुआत में रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या काफी कम रही। लेकिन, अब पहले की अपेक्षा पूरे प्रदेश में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ना शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि परिवहन निगम के 115 डिपो से पूरे प्रदेश में इस समय यात्रियों की संख्या के अनुसार बसें चलायी जा रही हैं। इन बसों में साधारण, एसी स्लीपर, जनरथ, वॉल्वो, स्कैनिया और महिला पिंक बसें शामिल हैं। प्रदेश के सभी डिपो से कोरोना का फैलाव रोकने के लिए सुरक्षित संचालन पर जोर दिया जा रहा है। इसलिए रोडवेज बसों से सफर करने में यात्रियों का विश्वास पुन: बढ़ने लगा है। अब लखनऊ सहित पूरे उत्तर प्रदेश में पांच हजार से अधिक रोडवेज बसों का संचालन किया जा रहा है। इन बसों से प्रदेश में प्रतिदिन सफर करने वाले यात्रियों की संख्या अब चार लाख के ऊपर पहुंच गई है। फिलहाल लॉकडाउन के पहले की अपेक्षा रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या अभी काफी कम है। लॉकडाउन के पहले 12,000 रोडवेज बसों से प्रतिदिन करीब 16-17 लाख यात्री सफर करते थे। इससे परिवहन निगम के खाते में रोजाना 14-15 करोड़ रुपये जमा होते थे। अधिकारी ने बताया कि अभी पूरे प्रदेश में यात्रियों के अनुसार सीमित बसों का संचालन किया जा रहा है। परिवहन निगम के प्रबन्ध निदेशक डॉ. राजशेखर ने बताया कि रोडवेज बसों में अब यात्रियों की संख्या अब धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। अभी कोरोना से बचाव के लिए यात्री बेहद जरूरी होने पर ही सफर कर रहे हैं। इसलिए यात्रियों की औसत संख्या लॉकडाउन के पहले के मुकाबले काफी कम है। उन्होंने बताया कि परिवहन निगम कोरोना से बचाव के लिए सभी निर्धारित मानकों का पालन कर रहा है। रोडवेज बसों के सुरक्षित संचालन के लिए अधिकारी लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं। इससे यात्रियों को सफर करने में दिक्कते नहीं होंगी। हिन्दुस्थान समाचार/दीपक/संजय-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in