परिवहन निगम की बसों में यात्रियों की संख्या 06 लाख के ऊपर पहुंची
परिवहन निगम की बसों में यात्रियों की संख्या 06 लाख के ऊपर पहुंची

परिवहन निगम की बसों में यात्रियों की संख्या 06 लाख के ऊपर पहुंची

लखनऊ, 15 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में यात्रियों की संख्या अब पूरे प्रदेश में 06 लाख को पार कर गई है। लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में 06 हजार से अधिक बसों से अब रोजाना 06 लाख से अधिक यात्री सफर कर रहे हैं। परिवहन निगम के प्रबन्ध निदेशक डॉ. राजशेखर ने सोमवार को बताया कि गत 01 जून से रोडवेज बसों का संचालन शुरू हुआ है। तब से लेकर अब तक रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है। अब पूरे प्रदेश में 06 हजार से अधिक बसों का संचालन किया जा रहा है। इन बसों से प्रतिदिन 06 लाख से अधिक यात्री सफर कर रहे हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या से परिवहन निगम के अधिकारियों में खासा उत्साह है। फिलहाल लॉकडाउन के पहले की अपेक्षा अभी भी यात्रियों की संख्या काफी कम है। उन्होंने बताया कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए परिवहन निगम सुरक्षित संचालन पर जोर दे रहा है। कोरोना से बचाव के लिए रोडवेज बसों को बराबर सेनेटाइज कराया जा रहा है। प्रदेश के बस अड्डों पर थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। इसलिए यात्रियों का विश्वास रोडवेज बसों से सफर करने में लगातार बढ़ता जा रहा है। यात्रियों को बसों से आवागन करने में किसी प्रकार की दिक्कतें न हों, इसके लिए परिवहन निगम के अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रदेश के सभी डिपो से चलने वाली बसों में कोरोना के फैलाव को रोकने के लिए सभी मानकों का पालन किया जा रहा है। इसके अलावा सुरक्षित और सुविधाजनक बसों के संचालन के लिए यात्रियों से फीडबैक भी लिया जा रहा है। गौरतलब है कि परिवहन निगम की 12,000 बसों से लॉकडाउन के पहले प्रतिदिन करीब 16-17 लाख यात्री सफर करते थे। इससे परिवहन निगम के खाते में रोजाना करीब 14-15 करोड़ रुपये जमा होते थे। फिलहाल यात्रियों की सुविधा के लिए साधारण बसों के साथ एसी, स्लीपर, जनरथ, वॉल्वो, स्कैनिया और महिला पिंक बसों का सीमित संचालन किया जा रहा है। यात्रियों की बढ़ती संख्या के अनुसार ही बसें बढ़ायी जा रही हैं। हिन्दुस्थान समाचार/दीपक/संजय-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in