चारधाम यात्रा 30 जून तक टली, फिलहाल स्थानीय श्रद्धालुओं को होगी दर्शन की अनुमति
चारधाम यात्रा 30 जून तक टली, फिलहाल स्थानीय श्रद्धालुओं को होगी दर्शन की अनुमति

चारधाम यात्रा 30 जून तक टली, फिलहाल स्थानीय श्रद्धालुओं को होगी दर्शन की अनुमति

हक-हकूकधारियों तीर्थ पुरोहितों के विरोध के चलते देवस्थानम बोर्ड ने लिया फैसला देहरादून, 09 जून (हि.स.)। कोरोना संक्रमण से बचाव और रोकथाम के मद्देनजर तीर्थ पुरोहितों और हक-हकूकधारियों के विरोध ने चार धाम यात्रा के मामले में अपना असर दिखाया है। नतीजतन चारधाम यात्रा अब 30 जून तक टल गई है। हालांकि इस दौरान स्थानीय श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति होगी। उत्तराखंड चार धाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविनाथ रमन ने आज इस सम्बन्ध में मानक प्रचालन विधि (एसओपी) जारी की है। इसमें कहा गया है कि चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के जिलाधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर देवस्थानम बोर्ड ने 30 जून तक यात्रा को स्थगित करने का निर्णय लिया है। स्थानीय लोगों के अलावा किसी भी अन्य जिले या राज्य के श्रद्धालुओं को बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री के दर्शन करने की अनुमति नहीं होगी। जिलाधिकारी अपने स्तर पर सीमित संख्या में दर्शन के लिए अनुमति देंगे। उत्तराखंड देवस्थानम बोर्ड ने चारधाम में स्थानीय लोगों के जाने के लिए संख्या तय की है। बदरीनाथ में 1200, केदारनाथ में 800, गंगोत्री में 600 और यमुनोत्री में 400 श्रद्धालु प्रतिदिन जा सकेंगे। दर्शन के लिए टोकन प्रणाली लागू की जाएगी। एक व्यक्ति को एक समय में तीन से ज्यादा टोकन नहीं मिलेगा। दर्शन का समय सुबह 7 से शाम 7 बजे तक निर्धारित किया गया। श्रद्धालुओं को मास्क, शारीरिक दूरी आदि दिशा-निर्देशों का भी पालन करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री धाम में जिन लोगों की निजी परिसंपत्तियां हैं, उन्हें भी रखरखाव व मरम्मत कार्य के लिए जाने की अनुमति होगी। गढ़वाल विकास निगम के गेस्ट हाउस, मंदिर समिति और निजी परिसंपत्तियों में होटल, लॉज के मरम्मत व रखरखाव आदि कार्यों के लिए जाने की अनुमति होगी। इस तरह फिलहाल स्थानीय लोगों को ही दर्शन की अनुमति होगी। दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों को 30 जून तक चार धाम यात्रा की अनुमति नहीं होगी। हिन्दुस्थान समाचार/दधिबल-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in