पूरी टीम के प्रयास से हम टी-20 विश्व कप का खिताब जीतने में सफल रहे थे : इरफान पठान
पूरी टीम के प्रयास से हम टी-20 विश्व कप का खिताब जीतने में सफल रहे थे : इरफान पठान

पूरी टीम के प्रयास से हम टी-20 विश्व कप का खिताब जीतने में सफल रहे थे : इरफान पठान

नई दिल्ली, 24 सितंबर (हि.स.)। देश आज टी 20 विश्व कप के खिताबी जीत के 13 साल पूरे होने का जश्न मना रहा है। इस अवसर पर भारत के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी इरफान पठान ने गुरुवार को कहा कि पूरी टीम के प्रयास से हम टूर्नामेंट जीतने में सफल रहे थे। 24 सितंबर, 2007 को महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने टी 20 विश्व कप के उद्घाटन संस्करण को जीतने में कामयाबी हासिल की थी। यह टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका में आयोजित किया गया था और फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच जोहान्सबर्ग के वांडरर्स में खेला गया था। इरफान पठान ने ट्वीट किया, "अपनी अंतिम सांस तक इस दिन को याद रखूंगा। इसने भारतीय क्रिकेट को बदल दिया।" पठान को फाइनल में 'मैन ऑफ द मैच' के रूप में नामित किया गया था, क्योंकि उन्होंने अपने चार ओवरों के कोटे में 16 रन देकर तीन विकेट हासिल किया था। बायें हाथ के तेज गेंदबाज इरफान ने शोएब मलिक, शाहिद अफरीदी और यासिर अराफात का विकेट लिया था। प पाकिस्तान के खिलाफ मैच में, भारत ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का विकल्प चुना। वीरेंद्र सहवाग चोट के कारण मैच से बाहर थे। परिणामस्वरूप, यूसुफ पठान और गौतम गंभीर ने भारत के लिए पारी की शुरुआत की। युसुफ पठान (15) ने एक चौका और एक छक्का मारा जिससे भारत को एक तेज शुरुआत मिली। हालांकि तीसरे ओवर में उन्हें मोहम्मद आसिफ ने वापस पवेलियन भेज दिया। रॉबिन उथप्पा (8) भी सस्ते में चलते बने और भारत का स्कोर 2 विकेट पर 40 रन हो गया। इसके बाद गौतम गंभीर और युवराज सिंह ने 63 रनों की साझेदारी कर टीम को सम्भालने की कोशिश की। हालाँकि, 14 वें ओवर में युवराज (14) के आउट होने के बाद भारतीय टीम के नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। गंभीर एक तरफ खड़े रहे। उन्होंने 54 गेंदों में आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 75 रनों की पारी खेली। अंत में, रोहित शर्मा ने सिर्फ 16 गेंदों पर 30 रनों की पारी खेल भारत को 150 के पार पहुँचाया। भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 157 रन बनाए। 158 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। तेज गेंदबाज आरपी सिंह ने पहले ही ओवर में पाक ओपनर मोहम्मद हफीज को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई थी।आखिरी ओवर जोगिंदर शर्मा कर रहे थे और पाक को जीत के लिए 6 गेंद पर 13 रनों की जरुरत थी। मिस्बाह ने जोगिंदर की दूसरी गेंद पर छक्का जड़ दिया और भारतीय फैंस में खामोशी छा गई। अब 4 गेंद पर सिर्फ 6 रन चाहिए थे। मिस्बाह को जोगिंदर अगली गेंद ललचाई हुई फेंकी और मिस्बाह छक्का मारने के लिए उस गेंद को हवा में उठा दिया, गेंद ने ऊंची तो गई लेकिन दूरी नहीं तय कर सकी और श्रीसंत ने उसे कैच कर लिया और खिताब भारत के पास आ गया। हिन्दुस्थान समाचार/ सुनील-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in