tokyo-olympics-will-be-held-on-time-do-not-trust-rumors-kiran-rijiju
tokyo-olympics-will-be-held-on-time-do-not-trust-rumors-kiran-rijiju

समय पर होगा टोक्यो ओलंपिक, अफवाहों पर न करें भरोसा : किरण रिजिजू

-अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में वॉकथॉन का आयोजन नई दिल्ली, 08 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री किरण रिजिजू ने एकबार फिर टोक्यो ओलंपिक को लेकर लोगों से अफवाहों पर भरोसा नहीं करने की बात कही है। उन्होंने कहा है कि इस साल टोक्यो ओलंपिक सिरे चढ़ेगा और उसे लेकर तमाम तैयारियां मुकम्मल होने की ओर अग्रसर हैं। इस साल टोक्यो ओलंपिक का आयोजन 23 जुलाई से आठ अगस्त के बीच होने वाला है। हालांकि यह प्रतियोगिता पिछले साल ही होनी थी लेकिन कोविड-19 महामारी की वजह इसे टाल दिया गया था। केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने आज सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर राजधानी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित वॉकथान को झंडा दिखाकर रवाना किया। इसी मौके पर उन्होंने ओलंपिक को लेकर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अफवाहों पर जाने की जरूरत नहीं है। ओलंपिक को अंतिम रूप दिया गया है। ओलंपिक कैसे होगा इसपर प्रोटोकॉल तय किए जा रहे हैं। महिला दिवस पर आयोजित वॉकथॉन को लेकर रिजिजू ने कहा, "हमने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर इस वॉकथॉन का आयोजन किया, हमारी सभी बहनें और युवा स्वयंसेवक इसमें भाग ले रहे हैं। युवा मामलों की सचिव उषा शर्मा जी इसका नेतृत्व कर रही हैं। इस आयोजन के जरिए हम स्पष्ट संदेश देना चाहते हैं कि महिलाएं समाज में कुछ भी कर सकती हैं और महिला सशक्तिकरण हमारे लिए प्राथमिकता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर आप ओलंपिक एवं अन्य विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देखें तो भारतीय महिलाएं बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। इसे लेकर हम लगातार उन्हें मंच भी मुहैया करा रहे हैं। हमारी कोशिश है कि इस देश की महिलाएं उत्कृष्टता हासिल करें। वहीं, खिलाड़ियों को लगने वाले कोरोना के टीके पर खेल मंत्री ने फिर साफ किया कि "हम अपने वरिष्ठ एथलीटों की देखभाल करेंगे। इसके बाद सभी जूनियर एथलीटों का ध्यान रखा जाएगा। लेकिन प्राथमिकता टोक्यो ओलंपिक के एथलीटों को दी जाएगी। इसके अलावा, बीसीसीआई द्वारा टीकाकरण पर किस प्रकार के निर्देश दिए गए हैं, उसके सवाल पर उन्होंने कहा कि सभी खेलों और खिलाड़ियों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता है। विभिन्न खेल संघ अपने स्तर पर खिलाड़ियों का ध्यान रख रहे हैं। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हम सभी स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा अपनाई जा रही कार्यप्रणालियों का पालन करें। हिन्दुस्थान समाचार/आकाश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in