mp-will-be-happy-to-represent-indian-team-in-world-cup
mp-will-be-happy-to-represent-indian-team-in-world-cup

विश्वकप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी मप्र की खुशी

भोपाल, 25 फरवरी (हि.स.)। मध्यप्रदेश राज्य फेंसिंग अकादमी की खिलाड़ी खुशी दाभाड़े आगामी 19 से 23 मार्च तक रूस के कजान शहर में होने वाले विश्वकप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जनसम्पर्क अधिकारी महेन्द्र व्यास ने गुरुवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय तलवारबाजी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने पर फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा रैंकिंग के आधार पर खुशी दाभाड़े का विश्व कप के लिए चयन हुआ है। खुशी फेंसिंग के ईपी इवेन्ट में प्रतिभा प्रदर्शन करेंगी। मध्यप्रदेश का परचम फहरा रही खिलाड़ी बेटियां प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने विश्व कप की भारतीय तलवारबाजी टीम में चयन होने पर खुशी दाभाड़े को बधाई दी है। उन्होंने वल्र्ड कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश को पदक दिलाने के लिए खुशी को प्रोत्साहित करते हुए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खिलाड़ी बेटियां राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रही हैं और मध्य प्रदेश का परचम फहरा रही हैं। हमें अपनी खिलाड़ी बेटियों पर गर्व है। खुशी ने फैलाई खुशी की लहर वर्ष 2014 में फेंसिंग अकादमी में प्रवेश लेकर तलवारबाजी का प्रशिक्षण हासिल कर रही खुशी दाभाड़े के पिता भोपाल के एक निजी चिकित्सालय में ओटी अटेंडर हैं जो स्लम एरिया में रहते हैं। उन्होंने बताया कि बेटी का विश्वकप में चयन होने पर पूरे परिवार में खुशी की लहर छा गई। बाबाराव दाभाड़े बेटी को मिली इस उपलब्धि का श्रेय खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया को देते हैं, जिनके प्रयासों से खुशी ने आज यह मुकाम हासिल किया है। फेंसिंग अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि खुशी दाभाड़े बहुत ही प्रतिभावान खिलाड़ी हैं। वह पूरे समर्पण भाव से प्रशिक्षण हासिल करती हैं और कभी भी ट्रेनिंग मिस नहीं करती। फेंसिंग अकादमी के माध्यम से मिल रही उच्च स्तरीय खेल सुविधाओं, प्रशिक्षण और अपने प्रतिभा प्रदर्शन से खुशी को अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सफलता अवश्य मिलेगी। एशियन और ओलम्पिक मेरा सपना एशियन और ओलम्पिक में भारत का प्रतिनिधित्व करना और देश को पदक दिलाना खुशी दाभाड़े का सपना है और इसे पूरा करने के लिए वह कड़ा परिश्रम कर रही है। खुशी ने अभी तक राष्ट्रीय तलवारबाजी प्रतियोगिताओं में दो स्वर्ण, दो रजत और छह कांस्य सहित दस पदक मध्य प्रदेश को दिलाएं हैं। इसके अलावा राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उन्होंने 11 स्वर्ण और 3 रजत पदक अर्जित किए हैं। विश्व स्तरीय सुविधाएं और प्रशिक्षण का सुपरिणाम मध्य प्रदेश फेंसिंग अकादमी की उदीयमान खिलाड़ी खुशी दाभाड़े का विश्व कप में चयन मध्य प्रदेश के खेल जगत के लिए गर्व की बात है। सामान्य परिवेश से आने वाले खिलाडिय़ों को अकादमी में विश्व स्तरीय सुविधाएं और प्रशिक्षण दिए जाने का यह सुपरिणाम है कि प्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उम्मीद है कि भविष्य में फेंसिंग के अन्य खिलाड़ी भी मध्य प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश / उमेद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in