maximum-10000-spectators-allowed-during-tokyo-olympic-games
maximum-10000-spectators-allowed-during-tokyo-olympic-games

टोक्यो ओलंपिक खेलों के दौरान अधिकतम 10 हजार दर्शकों को आने की अनुमति

नई दिल्ली, 21 जून (हि.स)। जापान के टोक्यो में आयोजित हो रहे ओलंपिक खेलों के दौरान 10 हजार से अधिक दर्शकों के खेल स्थलों पर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। जबकि प्रत्येक खेल स्थलों पर स्टेडियम की क्षमता से आधे यानी 50 प्रतिशत दर्शक खेल का लुत्फ उठा सकेंगे। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति, अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक समिति, जापान और टोक्यो की महानगरीय सरकार के अतिरिक्त स्थानीय आयोजक ने आपसी बातचीत के बाद इस निर्णय की घोषणा की है। ओलंपिक खेलों का आयोजन 23 जुलाई से किया जा रहा है। हालांकि, वर्ष 2020 में इन खेलों का आयोजन होना था, लेकिन कोरोना महामारी के कारण खेल को स्थगित कर दिया गया था। अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय प्रशंसकों पर सख्त नियम लागू होंगे। खेल स्थलों पर खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई के लिए शोर करने की अनुमति नहीं होगी। वहीं खेल स्थलों पर मास्क पहनना अनिवार्य होगा। स्टेडियम से निकलने के बाद दर्शकों को सीधे घर जाना होगा। आयोजकों का कहना है कि इन खेलों के 36 से 37 लाख टिकट स्थानीय लोगों के पास हैं। प्रशंसकों को अनुमति देने का समर्थन करने वाले प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा ने कहा है कि यदि स्थिति बदलती है तो खेल प्रेमियों को खेल स्थल से दूर रखा जाएगा। उल्लेखनीय है कि ओलंपिक प्रत्येक चार साल पर आयोजित किया जाता है, लेकिन कोरोना महामारी के कारण 2020 में इसका आयोजन नहीं हो सका था। अब एक साल की देरी से टोक्यो में इसका आयोजन किया जा रहा है। खेल का यह महाकुंभ 23 जुलाई को प्रारंभ होगा और 8 अगस्त को इसका समापन होगा। इस दौरान 33 खेलों में 339 मेडल के लिए मुक़ाबले होंगे। हिन्दुस्थान समाचार/ब्रजेश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in