marathon-needs-to-be-made-a-culture-in-the-country-kiren-rijiju
marathon-needs-to-be-made-a-culture-in-the-country-kiren-rijiju

देश में मैराथन को एक संस्कृति बनाये जाने की जरूरत : किरेन रिजिजू

नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री किरण रिजिजू ने रविवार को कहा कि देश में मैराथन को संस्कृति और एक लोकप्रिय कार्यक्रम बनाने की जरूरत है। रिजिजू की यह टिप्पणी तब आई जब वह रविवार को नई दिल्ली मैराथन 2021 के विजेताओं को पुरस्कार वितरित कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी भी मौजूद रहीं। इस नई दिल्ली मैराथन 2021 को आज सुबह जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हरी झंडी भी दिखाई गई। किरण रिजिजू ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कहा, "नई दिल्ली मैराथन सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इससे साबित होता है कि महामारी की स्थिति से दूर सभी मैराथन धावक, व्यवस्था से संतुष्ट हैं। मैराथन के आयोजन की अच्छी व्यवस्था से किसी प्रकार का जो संशय था वो भी खत्म हो गया है। आयोजन के बाद अब प्रमुख बात यह है कि हम मैराथन को कैसे एक संस्कृति और भारत में एक लोकप्रिय कार्यक्रम बनाते हैं। मैराथन, मिनी-मैराथन, हाफ मैराथन और पूर्ण मैराथन- जैसे कार्यक्रमों का आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों, गांवों, कस्बों और दिल्ली जैसे शहरों में जमीनी स्तर से विभिन्न संरचनाओं में किया जा सकता है।" केंद्रीय मंत्री ने कहा कि "मैराथन बहुत रोमांचक है। यह समाज में सभी प्रकार के लोगों को प्रेरित करता है। पेशेवर धावकों के अलावा, इसमें अन्य लोग भी हिस्सा ले सकते हैं। हम विभिन्न रूपों और संरचनाओं में मैराथन के आयोजन के बारे में सोच सकते हैं। मैं इस आयोजन के लिए भारत के एथलेटिक महासंघ की सराहना करना चाहता हूं। हालांकि यह एक बहुत ही सफल घटना है लेकिन हमारे कुछ धावक कुछ कारणों के कारण ओलंपिक के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके। मुझे यकीन है कि अगले कार्यक्रम में, वे सफल होंगे।” हिन्दुस्थान समाचार/आकाश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in