hockey-india-mourns-the-death-of-ravinder-pal-singh
hockey-india-mourns-the-death-of-ravinder-pal-singh

हॉकी इंडिया ने रविंदर पाल सिंह के निधन पर जताया शोक

नई दिल्ली, 08 मई (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने 62 वर्षीय रविंदर पाल सिंह के निधन पर शोक जताया है। रविंदर 1980 के मास्को ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। कोरोना के कारण लखनऊ में शनिवार को रविंदर पाल सिंह का निधन हो गया। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पूर्व सेंटर हाफ ने कई टूर्नामेंटों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें कराची में चैंपियंस ट्रॉफी (1980, 1983), 1982 में विश्व कप, 1982 में कराची में एशिया कप और 1984 लॉस एंजिल्स ओलंपिक शामिल हैं। रविंदर के शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निंगोबम ने कहा, “हॉकी इंडिया रविंदर पाल सिंह के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है। रविंदर ने भारतीय हॉकी के लिए बहुत बड़ा योगदान दिया है और उनकी उपलब्धियों को हमेशा याद रखा जाएगा। भगवान रविंदर के परिवार और दोस्तों को इस कठिन समय से गुजरने की ताकत दे।” बता दें कि पिछले हफ्ते कोरोना के कारण राउरकेला में पूर्व भारतीय जूनियर पुरुष खिलाड़ी 34 वर्षीय संजीव बारला का निधन हो गया था। वर्ष 2009 में भारतीय जूनियर पुरुष टीम का हिस्सा रहे बारला ने विभिन्न घरेलू हॉकी प्रतियोगिताओं में ओडिशा का नेतृत्व किया था। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 4,01,078 नए मामले दर्ज हुए हैं। इसके साथ ही देश में लगातार तीसरे दिन 4 लाख से अधिक मामले दर्ज हुए। हिन्दुस्थान समाचार/सुनील

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in