11th-national-junior-women39s-hockey-championship-begins-in-simdega-jharkhand-teams-from-26-states-are-participating
11th-national-junior-women39s-hockey-championship-begins-in-simdega-jharkhand-teams-from-26-states-are-participating

11वीं नेशनल जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप झारखंड के सिमडेगा में शुरू, 26 राज्यों की टीमें ले रही हैं भाग

रांची, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के सिमडेगा में 11वीं नेशनल जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप आज से शुरू हो गयी है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसका उद्घाटन किया। इस प्रतियोगिता में 26 राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं। इसी प्रतियोगिता के आधार पर इंडियन हॉकी जूनियर टीम की खिलाड़ियों का चुनाव किया जायेगा। इस प्रतियोगिता के सभी मैचों का सीधा प्रसारण वल्र्ड हॉकी फेडरेशन के जरिए 180 देशों में किया जा रहा है। चैंपियनशिप के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने सिमडेगा में बनने वाली इंटरनेशनल हॉकी एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम की भी आधारशिला रखी। प्रतियोगिता के उद्घाटन के मौके पर हॉकी इंडिया का अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निगमबम, हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, झारखंड के खेल सचिव अमिताभ कौशल, खेल निदेशक जीशान कमर भी उपस्थित रहे। इस मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने उम्मीद जतायी कि इस टूर्नामेंट के जरिए ऐसे खिलाड़ियों की पहचान होगी, जिनपर आनेवाले दिनों में पूरे देश का नाम ऊंचा करने की चुनौती होगी। इस प्रतियोगिता में भाग लेनेवाली टीमों को आठ पूल में बांटा गया है। पूल ए में झारखंड के साथ केरल, तमिलनाडु, पूल-बी में हरियाणा, असम, राजस्थान, पूल-सी में मिजोरम, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना को रखा गया है। पूल-डी में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर की टीम है। पूल-ई में महाराष्ट्र, दिल्ली और गुजरात, पूल-एफ में चंडीगढ़, बिहार, गोवा, जम्मू और कश्मीर, पूल-जी में ओड़िशा, छत्तीसगढ़, हिमाचल, मध्य प्रदेश तथा पूल -एच में कर्नाटक, पंजाब, पश्चिम बंगाल और लक्षद्वीप पांडिचेरी की टीम को शामिल किया गया है। बता दें कि झारखंड के सिमडेगा और खूंटी जिले की पहचान हॉकी की नर्सरी के रूप होती है। इसी साल आयोजित ओलंपिक में भारतीय महिला टीम की ओर से खेलने वाली सलीमा टेटे सिमडेगा और निक्की प्रधान खूंटी की रहनेवाली हैं। भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान अंसुता लकड़ा भी सिमडेगा की ही हैं। --आईएएनएस एसएनसी/एएनएम

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in