लॉकडाउन: कर्नाटक से 65 बसों में पहुंचे 2100 राजस्थानी

लॉकडाउन: कर्नाटक से 65 बसों में पहुंचे 2100 राजस्थानी

लॉकडाउन: कर्नाटक से 65 बसों में पहुंचे 2100 राजस्थानी प्रतापगढ़, 30 मार्च (हि.स.)। जिले की मध्य प्रदेश से लगती सीमा पर राजपुरिया गांव में सोमवार को कर्नाटक से 65 बसों का काफिला पहुंचा। इन बसों में राजस्थान के विभिन्न इलाकों के करीब 2100 लोग हैं। कुछ लोग हरियाणा के भी है। कई छोटे-छोटे बच्चे और महिलाएं भी हैं। लॉकडाउन के बाद से ये सभी पांच दिन पहले कर्नाटक से निकले थे। बसों के साथ कर्नाटक पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद हैं। सभी बसों को वरमंडल हवाई पट्टी पर ले जाया गया है। सूचना पर कलेक्टर अनुपमा जोरवाल सहित कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। कर्नाटक से आने वाले सभी लोगों की मेडिकल स्क्रीनिंग की जाएगी। साथ ही इनके भोजन-पानी की व्यवस्था कर उच्चाधिकारियों से निर्देश मांगे जा रहे हैं। व्यवस्था संभालने के लिए कई स्वयंसेवी संगठन आगे आए हैं। बड़ी संख्या में पहुंचे इन लोगों के भोजन की व्यवस्था के लिए राम वाटिका ट्रस्ट, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता जुट गए हैं। कर्नाटक परिवहन निगम की बसों में सवार 2100 लोग आज सोमवार की सुबह मध्य प्रदेश से होते हुए राजस्थान की सीमा पर पहुंचे हैं। यहां राजपुरिया बॉर्डर पर बड़ी तादाद में बसों का काफिला आते ही मौजूद पुलिसकर्मियों ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस उप अधीक्षक बेनी प्रसाद मीणा, कोतवाली थाना अधिकारी मदन लाल खटीक मौके पर पहुंचे और बसों को वरमंडल हवाई पट्टी पर ले गए। बाद में कलेक्टर अनुपमा जोरवाल भी आईं और कर्नाटक के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। पुलिस उप अधीक्षक बेनी प्रसाद मीणा ने बताया कि कर्नाटक से आए लोगों के भोजन के लिए विभिन्न संगठनों से बात करके व्यवस्था करवाई गई है। इनके रुकने की व्यवस्था छात्रावास, स्कूल और अन्य भवनों में की जा रही है। किसी प्रवासी को परेशानी न हो, इस बात का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/संजय/ईश्वर/बच्चन-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in