राजयोग पर लगता ग्रहण, ना यूआईटी का चेयरमैन बैठा ना ही श्री सांवलियाजी मंदिर बोर्ड का हुआ गठन
राजयोग पर लगता ग्रहण, ना यूआईटी का चेयरमैन बैठा ना ही श्री सांवलियाजी मंदिर बोर्ड का हुआ गठन

राजयोग पर लगता ग्रहण, ना यूआईटी का चेयरमैन बैठा ना ही श्री सांवलियाजी मंदिर बोर्ड का हुआ गठन

चितौड़गढ़, 26 जून (हिस)। राजस्थान सरकार को बने हुए करीब डेढ़ वर्ष से अधिक का समय हो चुका है लेकिन राजनीतिक नियुक्तियां अभी तक नहीं हो पाई है। फिलहाल करीब 3 माह से अधिक समय हो गया कोरोना संक्रमण का दौर रहा है। ऐसे में यह कहा जा सकता है कि राजनीतिक नियुक्तियों को कोरोना का ग्रहण लगा हुआ है और जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को राजयोग के लिए फिलहाल और इंतजार करना पड़ सकता है। लेकिन खबर मिली है कि हाल ही में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर सूचियां मांगी है। जिला कांग्रेस कमेटी ने भी जिले से सूचियां बना कर भेजी है। ऐसी संभावना है कि आगामी दिनों में नियुक्तियां हो सकती है। चित्तौड़गढ़ जिले में भी राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर कई महत्वपूर्ण पद है, जिन पर नियुक्तियां होनी है। लेकिन इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि राजनीतिक नियुक्तियों में ऊपर के स्तर पर खींचतान नहीं हो। जानकारी के अनुसार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने लंबा समय हो चुका है। दिसम्बर 2018 में गहलोत सरकार ने पुनः प्रदेश की कमान संभाली थी। तब आस थी कि शीघ्र राजनीतिक नियुक्तियां होगी। पहले तो काफी इंतजार करना पड़ गया। बाद में तीन माह से कोरोना का दौर शुरू हो गया। ऐसे में यह भी कहा जा रहा है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं के राज योग पर अब कोरोना का ग्रहण भारी पड़ता लग रहा है और इसी के चलते अब राजनीतिक नियुक्तियों का इंतजार और लम्बा हो गया है। वैसे तो राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर प्रदेश में कई पद हैं लेकिन चितौड़गढ़ जिले में श्री सांवलियाजी मंदिर मंडल बोर्ड का गठन महत्वपूर्ण है। इसमें चेयरमेन के साथ ही आठ-दस सदस्यों की नियुक्ति होती है। इसके अलावा यूआईटी चेयरमैन का भी महत्वपूर्ण पद है। बाल कल्याण समिति में अध्यक्ष सहित अन्य पद हैं। गत दिनों ही सरकार ने इसके लिए तो बकायदा आवेदन मांगे थे। जानकारी में सामने आया कि जिला कांग्रेस कमेटी की और से अब तक चार बार सूचियां भेजी जा चुकी है। हाल ही में राज्यसभा चुनाव के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने पुनः राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर सूची तैयार कर मांगी थी। इस पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मांगीलाल धाकड़ ने पुनः सूची बना कर भेज दी है। अब इंतजार है कि सरकार कब राजनीतिक नियुक्तियां करें। यूं छलका कांग्रेस जिलाध्यक्ष का दर्द: राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मांगीलाल धाकड़ से बात की गई। श्री सांवलियाजी मंदिर बोर्ड को लेकर उनका दर्द छलक उठा। धाकड़ करीब पांच वर्ष से जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का शासन आया तब उन्होंने एक माह में ही श्री सांवलियाजी मंदिर मंडल के बोर्ड को बदल दिया था। अब कांग्रेस शासन में डेढ़ वर्ष से ज्यादा समय हो गया है लेकिन कोई बदलाव नहीं हुवा है। डेढ़ साल बाद भी सांवलियाजी में भाजपा बोर्ड ही बैठा है जबकि प्रदेश में सरकार कांग्रेस की है। हिन्दुस्थान समाचार/अखिल/संदीप-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in