रायपुर : पीएससी युवाओं के भविष्य के साथ कर रही खिलवाड़ : अनुराग सिंहदेव
रायपुर, 20 मार्च (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने शनिवार को पीएससी के कार्य प्रणाली पर निशाना साधा है। उन्होंने राज्य सरकार पर भी आरोप लगाए हैं। अनुराग सिंहदेव ने कहा कि संस्थान प्रदेश की कांग्रेस सरकार के इशारे पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। कहीं पीएससी का मलतब ही पाॅलिटिकल सेटिंग कांग्रेस तो नहीं हो गया है। इस पर पीएससी की तरफ से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जहां पर लगातार अनियमितता और गड़बड़ियों की शिकायतें लगातार आ रही है। इससे स्पष्ट होता है कि प्रदेश की सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर चिंतित नहीं है। अनुराग सिंहदेव ने कहा कि इससे पहले छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद कांग्रेस की सरकार जब प्रदेश में थी। तब कमोबेश पीएससी को लेकर यही हालात थे, जो अब निर्मित हुए हैं। पीएससी की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिन्ह लगने से राज्य के सारे भर्ती परीक्षा संदेह के दायरे में है। इससे पूरे देश में पीएससी की विश्वसनीयता प्रभावित हो रही है। हिन्दुस्थान समाचार/चंद्रनारायण शुक्ल