raipur-i-am-ready-to-go-to-jail-against-anti-national-elements-dr-raman-singh
raipur-i-am-ready-to-go-to-jail-against-anti-national-elements-dr-raman-singh

रायपुर : राष्ट्र विरोधी तत्वों के खिलाफ मैं जेल जाने को तैयार हूँ : डाॅ. रमन सिंह

कांग्रेस पर कसा तंज- ‘‘भारत कोविड से लड़ रहा है, और कांग्रेस भारत से‘‘ रायपुर, 21 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में टूलकिट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कांग्रेस द्वारा टूल किट (गुप्त दस्तावेज) के माध्यम से भारत को दुनिया भर में बदनाम करने की, देश की छवि को खराब करने की जो साजिश रची गई थी उसकी मैं निंदा करता हूँ। लेकिन जैसे ही इस देशद्रोही तत्वों का खुलासा हुआ कांग्रेस बौखलाकर भाजपा के कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज करा रही है। आज पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए एफआईआर के विरोध में पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा अपने-अपने घर के सामने धरना दिया गया। इसी कड़ी में मैं भी सांसद रामविचार नेताम, पूर्व मंत्री राजेश मूणत, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव एवं निर्मल सिंहा के साथ धरना दिया। इस संबंध में मैं देश को इस कांग्रेस के ‘‘टूल किट‘‘ के बारे में बताना चाहता हूँ जिसे कांग्रेस के रिसर्च विंग से जुड़ी सौम्या वर्मा ने तैयार किया है। सौम्या कांग्रेस की घोषणा पत्र बनाने वाली टीम का हिस्सा रही हैं, इनका कार्यालय भी कांग्रेस नेता के घर में ही है। जैसे ही सारे साक्ष्य भाजपा द्वारा सार्वजनिक की गई सौम्या वर्मा ने अपने सोशल मीडिया के सारे अकाउंट बंद कर दी। अब इस मामले में संदेह की रत्ती भर भी गुंजाइश बची नहीं है, यहां तक कि कांग्रेस रिसर्च विंग के राजीव गौड़ा ने स्वीकार भी कर लिया है कि यह दस्तावेज कांग्रेस ने बनाए है, सौम्या उन्हीं की सहयोगी है। क्या होता है टूल किट यह किसी भी संस्था के अभियान या आन्दोलन के लिए बनाये गए रणनीति का एक गुप्त दस्तावेज होता है। वर्तमान के डिजिटल समय में सोशल मीडिया की ताकत सबसे अधिक है और इसी मीडिया पर चलाया गया अभियान किसी सफलता की गारंटी जैसा हो गया है। हाल के सभी आन्दोलन में खासकर अभी मोदी सरकार को बदनाम करने के लिए किये गए कथित किसान आन्दोलन या शाहीन बाग आन्दोलन आदि में इसका प्रयोग किया गया है। इसके तहत कांग्रेस और तमाम भाजपा विरोधी समूह गुप्त रणनीति बनाते है और मोदी को बदनाम करने के लिए देशद्रोही गतिविधियां तक करने से नहीं चूक रही है। कांग्रेस ने इस बार भी एक गुप्त दस्तावेज अपने कार्यकर्ताओं और समर्थक बुद्धिजीवियों को भेजकर भारत को दुनिया भर में बदनाम करने, देश की छबि को खराब करने के लिए साजिश रची थी, उस ‘‘टूल किट‘‘ खुलासा कल-परसों हुआ है, हाल के महीनों में सोशल मीडिया में जितना भारत के खिलाफ दुष्प्रचार किया गया है, उनमें से अधिकांश इसी गुप्त दस्तावेज का हिस्सा थे, ऐसा साबित हुआ है। पिछले अनेक दशकों से हम ऐसा देखते आ रहे है कि सत्ता में नहीं रहने पर कांग्रेस ऐसी चीजें करने लगती है जिसे हम सीधे-सीधे देशद्रोह कह सकते है, हाल के मामले देखें तो चाहे गलवान और डोकलाम मामले में चीन समर्थक स्टैंड लेने की बात हो या फिर कांग्रेस के नेता द्वारा पाकिस्तान जाकर वहां मोदी को हराने के लिए सहायता मांगने की, लगातार वह देश विरोधी हरकतें करते पाये गए हैं। हिन्दुस्थान समाचार/चंद्रनारायण शुक्ल

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in