raipur-fourth-installment-of-rajiv-gandhi-kisan-nyaya-yojana-before-31-march
raipur-fourth-installment-of-rajiv-gandhi-kisan-nyaya-yojana-before-31-march

रायपुर: राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथी किश्त 31 मार्च के पहले

रायपुर ,11 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पेन्ड्रा में आयोजित दो दिवसीय अरपा महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही को छत्तीसगढ़ बनते ही जिला बन जाना चाहिए था लेकिन इसकी उपेक्षा की गई। राज्य में नई सरकार के बनते ही वर्ष 2020 में क्षेत्र के लोगों का नए जिले का सपना पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि जिला बनते ही इस क्षेत्र केे विकास को गति मिली है। इस जिले को पूरी ताकत से विकसित करेंगे। साथ ही जिले को पर्यटन जिले के रूप में भी विकसित करने की कोशिश की जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरूदेव रविन्द्र नाथ टैगोर पेण्ड्रा में अपनी पत्नी के इलाज के लिए डेढ़ साल रूके थे। निस्संदेह उनकी रचनाओं पर यहां के प्राकृतिक वातावरण का असर पड़ा होगा। उन्होंने यहां के जनजीवन पर आधारित रचनाएं की होंगी। उन रचनाओं को ढूंढ कर महोत्सव में पाठ किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में इस वर्ष समर्थन मूल्य पर धान खरीद का नया रिकार्ड बना है। किसानों से 93 लाख मीटरिक धान की खरीद की गई है। किसानों के खाते में जितना पैसा गया उतना आज तक नहीं गया है। 20 लाख 58 हजार किसानों से धान की खरीद की गई है। किसानों के खाते में 17322 करोड़ रुपये की राशि गयी है। किसानों को धान का वाजिब मूल्य मिलने पर खेती किसानी के प्रति रूझान बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संकट काल में किसानों को राहत देने के लिए राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों को चार किश्तों में 5750 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा रहा है। इस योजना की तीन किश्ते दे चुके हैं। चौथी किश्त 31 मार्च के पहले किसानों के खाते में जमा करा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वन अधिकार अधिनियम के तहत 13 दिसंबर 2005 तक काबिज तथा तीन पीढ़ियों से निवासरत वनवासियों और परम्परागत निवासियों को व्यक्तिगत और सामुदायिक वनाधिकार पट्टा देने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक वन अधिकार के तहत जंगलों की रखवाली तथा लघुवनोपज के स्वामित्व का अधिकार देने के काम प्रथमिकता से किए जाए। इस कार्य में किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। हिन्दुस्थान समाचार /केशव शर्मा-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in