हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट एक बार फिर हुई तेज
हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट एक बार फिर हुई तेज

हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट एक बार फिर हुई तेज

शिमला, 08 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट एक बार फिर तेज हुई है। प्रदेश की सत्ता का केंद्र राज्य सचिवालय के साथ-साथ भाजपा के भीतर भी मंत्रिमंडल के साथ साथ पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष पद पर जल्द ही ताजपोशी की चर्चाएं तेज हैं। हालांकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर लगातार यह कहत रहे हैं कि न सिर्फ मंत्रिमंडल विस्तार, बल्कि पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष पद पर ताजपोशी का मामला हाई कमान के संज्ञान में है। मगर भाजपा सूत्र बताते हैं कि प्रदेश में मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद पार्टी प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति होगी। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कोई महिला नेत्री भी हो सकती है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के मंत्रिमंडल में पहले 12 सदस्य शामिल थे। मगर प्रदेश में लोक सभा चुनाव के वक्त पुत्र मोह में फंसे अनिल शर्मा ने ऊर्जा मंत्री पद से त्याग पत्र दिया। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री किशन कपूर को भाजपा ने लोक सभा चुनाव में उतारा। कूपर रिकार्ड मतों से विजयी होकर संसद पहुंच गए। डॉ राजीव बिंदल के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद स्वास्थ्य मंत्री का ओहदा संभाल रहे विपिन परमार को पार्टी के निर्देश पर विधान सभा अध्यक्ष बनाया गया। जाहिर है कि मंत्रिमंडल में तीन जगह खाली हैं। तीनों मंत्रियों के विभाग को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने संभाला हुआ है। अभी मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल का विस्तार कर पाते कि डॉ राजीव बिंदल ने बीते मई माह में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पद से त्याग पत्र दे दिया। डॉ बिंदल ने नैतिकता के आधार पर स्वास्थ्य घोटाले में किसी करीबी का नाम आने के बाद त्याग पत्र दिया। जाहिर है कि दो माह से भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पद भी खाली है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि पार्टी मिशन रिपीट की रणनीति को लेकर आगे बढ़ रही है। मिशन रिपीट के लिए न सिर्फ पार्टी को तेज तर्रार अध्यक्ष चाहिए, बल्कि मंत्रिमंडल भी पूरा होना चाहिए। मंत्रिमंडल में तय सीमा के मुताबिक निर्धारित एक दर्जन पदों पर तैनाती की स्थिति में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष के साथ चुनावी रणनीति को अंजाम दे सकते हैं। लिहाजा सूत्र बताते हैं कि प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार जल्द ही होगा। साथ ही बोर्डों व निगमों में भी तैनाती होगी। उधर भाजपा की राज्य सभा सांसद इंदु गोस्वामी बीते दो दिनों से शिमला में हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मुलाकात के बाद उन्होंने बुधवार को उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर से भी मुलाकात की। साथ ही कुछ और नेताओं से भी उनकी मुलाकात हुई। भाजपा सूत्रों का कहना है कि हाई कमान द्वारा इंदु गोस्वामी को प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व सौंपे जाने पर कोई हैरानी नहीं होगी। वह महिला मोर्चा की अध्यक्ष रह चुकी हैं। राज्य सभा सांसद हैं। संगठन में काम करने का पुराना अनुभव है। साथ ही प्रदेश में राजनीतिक महत्व के सबसे अहम जिला कांगड़ा से आती हैं। हिन्दुस्थान समाचार/सुनील/सुनीत-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in