स्वर्ण कलश से सुसज्जित हुआ मां कामाख्या मंदिर का शिखर
स्वर्ण कलश से सुसज्जित हुआ मां कामाख्या मंदिर का शिखर

स्वर्ण कलश से सुसज्जित हुआ मां कामाख्या मंदिर का शिखर

गुवाहाटी, 19 नवम्बर (हि.स.)। विश्वविख्यात शक्तिपीठ कामाख्या मंदिर के गुबंद के शीर्ष पर स्थापित सोने के कलश का गुरुवार को आधिकारिक रूप से अनावरण किया गया। विश्व प्रसिद्ध उद्योगपति व रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कामाख्या मंदिर में सोने के कलश दान में दिए। मिली जानकारी के अनुसार इन कलशों का वजन लगभग 19 किग्रा है। यह कलश अंबानी परिवार की ओर से दान में दिए गए हैं। दुर्गा पूजा के पहले से कलश स्थापित करने का काम शुरू कर दिया गया था और दिवाली के बाद काम पूरा हो गया। इससे मंदिर की सुंदरता में चार चांद लग गए हैं। हालांकि स्वर्ण कलश लगाने के दौरान मंदिर गुबंद व अन्य किसी संरचना में किसी भी प्रकार का कोई छेड़-छाड़ नहीं की गयी है। गुबंद पर सोने की पर्त चढ़ायी गयी है। उल्लेखनीय है कि कामाख्या मंदिर 51 शक्तिपीठों में से प्रमुख शक्तिपीठ है। कोरोना वायरस के चलते अन्य मंदिरों की तरह कामाख्या मंदिर भी लंबे समय तक श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी। दुर्गा पूजा के पहले मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए खोला गया था। इसके बाद ही सोने का कलश स्थापित किया गया। इस काम को पूरा करने के लिए पहले कॉपर का स्ट्रक्चर तैयार किया गया है और उसी पर सोने का काम किया गया है। स्थानीय लोगों ने बड़ी मेहनत से यह काम किया है, जिसे मंदिर के गुंबद पर सेट कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि हर साल कामाख्या मंदिर में दर्शन के लिए लाखों लोग देश तथा विदेश से आते हैं और माता रानी का दर्शन कर आशीर्वाद लेते हैं। सोने का कलश स्थापित होने के बाद मंदिर समिति ने मंदिर की सुरक्षा की समीक्षा की और उसे चुस्त दुरूस्त कर दिया है। हिन्दुस्थान समाचार /देबोजानी/ अरविंद-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in