शुभेन्दु ने तृणमूल पर साधा निशाना, कहा 21 सालों तक इस पार्टी में रहने पर हो रही शर्मिंदगी
शुभेन्दु ने तृणमूल पर साधा निशाना, कहा 21 सालों तक इस पार्टी में रहने पर हो रही शर्मिंदगी

शुभेन्दु ने तृणमूल पर साधा निशाना, कहा 21 सालों तक इस पार्टी में रहने पर हो रही शर्मिंदगी

कोलकाता, 26 दिसम्बर (हि.स.)। ममता बनर्जी का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले राज्य के कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कहा है कि वह इस बात के लिए शर्मिंदा हैं कि वे 21 वर्षों तक तृणमूल कांग्रेस में थे। शनिवार को हेस्टिंग्स में बनाए गए पार्टी के नए चुनावी कार्यालय में शुभेंदु और सांसद सुनील मंडल को भाजपा की ओर से सम्मानित किया गया। दोनों पिछले सप्ताह शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए थे। जब शुभेंदु भाजपा दफ्तर में जा रहे थे उस समय तृणमूल के कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेरकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया था। इसकी भी निंदा शुभेंदु ने की। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का यह आचरण लोग देख रहे हैं। मुझे शर्मिंदगी होती है कि मैं 21 साल तक इस पार्टी में था। तृणमूल कांग्रेस अब एक कंपनी में तब्दील हो गयी है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में अगर एक ही सरकार रहेगी तभी विकास हो सकता है। केंद्रीय योजनाओं को बंगाल में लागू नहीं करने के ममता सरकार के कदम की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि देश में कई ऐसे राज्य हैं जहां भाजपा की सरकार नहीं है लेकिन वे केंद्रीय योजनाओं को अपने यहां लागू करते हैं। इससे वहां के लोग उपकृत होते हैं। केवल बंगाल एक ऐसा राज्य है जहां ममता बनर्जी के अहंकार की वजह से 73 लाख किसान केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली वित्तीय मदद से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से 34 सालों तक माकपा ने गलत तरीके से बंगाल पर शासन किया ठीक उसी रास्ते पर तृणमूल कांग्रेस चल रही है। राज्य के हालात पहले जैसे थे वैसे ही आज भी हैं। इस दौरान संबोधन करते हुए शुभेंदु ने कहा कि भारत केसरी डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की वजह से बंगाल में बंगाली रह रहे हैं। एकमात्र भाजपा ऐसी पार्टी है जो देश को अग्रणी बना सकती है। बंगाल का शासन भी भाजपा के हाथ में देना होगा। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश/सुगंधी/मधुप-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in