विधानसभा अध्यक्ष विमान बनर्जी ने स्वीकार किया  शुभेंदु का इस्तीफा
विधानसभा अध्यक्ष विमान बनर्जी ने स्वीकार किया शुभेंदु का इस्तीफा

विधानसभा अध्यक्ष विमान बनर्जी ने स्वीकार किया शुभेंदु का इस्तीफा

कोलकाता, 21 दिसम्बर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के कद्दावर नेता और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पूर्व सहयोगी शुभेंदु अधिकारी का विधायक पद से इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष विमान बनर्जी के बुलावे पर शुभेंदु अधिकारी विधानसभा में पहुंचे थे। वहां दोनों के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई है। सूत्रों ने बताया कि अध्यक्ष विमान बनर्जी ने उनसे जानना चाहा कि शुभेंदु अधिकारी ने स्वेच्छा से इस्तीफा दिया है या उन पर किसी का दबाव था? इसके जवाब में शुभेंदु ने साफ-साफ बताया कि उन्होंने अपनी मर्जी से इस्तीफा दिया है। वह विधायक पद खुद छोड़े हैं। खबर है कि दोनों के बीच बहुत अधिक बातचीत नहीं हुई। अध्यक्ष ने उन्हें चाय पिलाई और थोड़ी बहुत बातचीत के बाद उन्हें भविष्य के लिये शुभकामनाएं दी है। स्वेच्छा से दिया इस्तीफा : शुभेन्दु इधर विधानसभा अध्यक्ष से मिलने के बाद बाहर निकले शुभेंदु ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अध्यक्ष विमान ने जानना चाहा कि मैंने अपनी मर्जी से इस्तीफा दिया है या नहीं। इसके जवाब में मैंने उन्हें बताया है कि मैंने अपनी मर्जी से इस्तीफा दिया है। शुभेंदु ने बताया कि त्यागपत्र में तारीख का उल्लेख नहीं होने का दावा किया जा रहा था। इस बारे में भी मैंने स्थिति स्पष्ट की। अध्यक्ष ने मेरा इस्तीफा स्वीकार करने की जानकारी दी है। उल्लेखनीय है कि पिछले बुधवार को शुभेंदु ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था और उसी दिन तृणमूल कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ दी थी। उसके बाद शनिवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली थी। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश/सुगंधी/मधुप-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in