वर्षा प्रभावित किसानों को तत्काल मदद पहुंचाए सरकार: फडणवीस
वर्षा प्रभावित किसानों को तत्काल मदद पहुंचाए सरकार: फडणवीस

वर्षा प्रभावित किसानों को तत्काल मदद पहुंचाए सरकार: फडणवीस

राजबहादुर यादव मुंबई, 19 अक्टूबर (हि.स.) । विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार को बारिश प्रभावित किसानों को तत्काल आर्थिक मदद पहुंचाना चाहिए। राज्य में मानसून की आखिरी बारिश से किसानों की फसल बर्बाद हो गई है। फडणवीस ने सोमवार को पुणे जिले के बारामती तहसील से अपने तीन दिवसीय दौरे की शुरुआत की। बारामती एयरपोर्ट पर फडणवीस का जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद फडणवीस ग्राम दौंड में किसानों के खेत में गए और फसलों के नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि वह तीन दिनों तक किसानों से मिलेंगे, उनकी तकलीफ जानने का प्रयास करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार बारिश प्रभावित किसानों को सीधे मदद करने की बजाय केंद्र सरकार की ओर इशारा कर रही है। केंद्र ने राज्य सरकार की बकाया रकम दे दी है। इसके बावजूद राज्य सरकार अनायास केंद्र के विरुद्ध बकाया पैसे न देने का आरोप लगा रही है। फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार को तत्काल किसानों को नुकसान भरपाई देना चाहिए। इस समय किसानों की हालत खराब हो गई है, उनकी फसल बर्बाद हो गई है, इसलिए किसानों को तत्काल आर्थिक मदद करना जरूरी है। हिन्दुस्थान समाचार-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in