महाराष्ट्र में मेट्रो, साप्ताहिक बाजार और पुस्तकालय गुरुवार से शुरू
महाराष्ट्र में मेट्रो, साप्ताहिक बाजार और पुस्तकालय गुरुवार से शुरू

महाराष्ट्र में मेट्रो, साप्ताहिक बाजार और पुस्तकालय गुरुवार से शुरू

मुंबई, 14 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में गुरुवार से मेट्रो, पुस्तकालय व साप्ताहिक बाजार शुरू किए जाने का निर्णय लिया गया है। राज्य सरकार ने सूबे में स्कूल, कालेज व कोचिंग क्लासेज पर 31 अक्टूबर तक बंदी पूर्ववत जारी रखा है। बुधवार को जारी शासनादेश में मंदिर खोले जाने का कोई उल्लेख नहीं है। शासनादेश के अनुसार सूबे में कोरोना की वजह से घोषित प्रतिबंधित क्षेत्र के बाहर साप्ताहिक बाजार खोले जाने की अनुमति दी गई है। इसी तरह राज्य में दुकानों का समय भी बढ़ा दिया गया है। नए आदेश के अनुसार गुरुवार से सूबे में सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक दुकानें खुली रहेेंगी। राज्य में पुस्तक प्रेमियों को राहत देते हुए सरकार ने सभी पुस्तकालयों को खोलने की अनुमति दी है, लेकिन स्कूल, कालेज व कोचिंग क्लासेज पर प्रतिबंध को 31अक्टूबर तक पूर्ववत रखने का निर्णय लिया है। शिक्षण संस्थानों में शिक्षक व शिक्षणेत्तर स्टाफ की 50 फीसदी तक की हाजिरी की अनुमति सरकार ने दी है। राज्य सरकार ने सभी नागरिकों के लिए लोकल ट्रेन चलाए जाने के बारे में निर्णय प्रलंबित रखा है। इसी तरह मंदिर व धार्मिक स्थलों के बारे में राज्य सरकार ने कोई भी निर्णय नहीं लिया है। हालांकि राज्य में मंदिर खोले जाने के लिए विपक्ष जोरदार आंदोलन कर रहा है। लेकिन राज्य सरकार ने विपक्ष की इस मांग को फिलहाल टाल दिया है। राज्य सरकार ने बाग, बगीचे, खेल के मैदान खोले जाने की अनुमति दी है। इसी तरह शादी समारोह में 50 लोगों के शामिल होने व शवयात्रा में 20 लोगों को शामिल होने की अनुमति दी गई है। राज्य सरकार ने अनलॉक के दौरान लोगों को मास्क का उपयोग करने व सामाजिक दूरी का पालन करने की अपील की है। कोरोना की रोकथाम के लिए जारी नियमावली का पालन न करने वालों पर कठोर कार्रवाई किए जाने की भी घोषणा की गयी है। हिन्दुस्थान समाचार/ राजबहादुर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in