भाजपा सरकार के साढ़े तीन सालों में खेलों में बढ़ा यूपी का दबदबा : उपेन्द्र तिवारी
भाजपा सरकार के साढ़े तीन सालों में खेलों में बढ़ा यूपी का दबदबा : उपेन्द्र तिवारी

भाजपा सरकार के साढ़े तीन सालों में खेलों में बढ़ा यूपी का दबदबा : उपेन्द्र तिवारी

- योगी सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से बलिया को जोड़ने को बताया ऐतिहासिक विकास बलिया, 14 सितम्बर (हि. स.)। 2017 में प्रचंड बहुमत से जीतने के बाद भाजपा सरकार के साढ़े तीन साल पूरे होने जा रहे हैं। योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली भाजपा सरकार अगले कुछ महीनों में चुनावी मोड में आ जाएगी। ऐसे में जनता भी सरकार के परफार्मेंस पर नजर बनाए हुए है। इन साढ़े तीन वर्षों में सरकार के कामकाज के लेखा-जोखा को लेकर 'हिन्दुस्थान समाचार' यह जानने का प्रयास कर रहा है कि बलिया के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा सरकार और उसके नुमाइंदों ने कौन-कौन से वादों को पूरा किया है। इसी कड़ी में प्रदेश की योगी सरकार में खेल जैसे अहम महकमे की जिम्मेदारी निभा रहे स्वतंत्र प्रभार के राज्यमंत्री उपेन्द्र तिवारी से हिन्दुस्थान समाचार ने उनके रिपोर्ट कार्ड को जानने का प्रयास किया। उपेन्द्र तिवारी की छवि फायर ब्रांड और जुझारू नेता की है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति से निकल कर फेफना विधानसभा क्षेत्र में वर्षों तक संघर्ष करने वाले उपेन्द्र तिवारी 2012 में फेफना विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक बने तो फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। अपने काम और भाजपा के पक्ष में बने सकारात्मक माहौल के बदौलत 2017 में भी सफलता का परचम लहरा कर योगी मंत्रिमंडल में जगह बनाई। अपने काम के बल पर श्री तिवारी ने अपने क्षेत्र में विकास पुरूष की भी छवि बनाई है। खेलमंत्री के तौर पर यूपी को खेलों के मामले में देश में नम्बर वन बनाने की जीतोड़ मेहनत कर रहे हैं। खासकर परंपरागत खेलों पर उनका अधिक फोकस है। जिसका नतीजा है कि गांव-गांव व्यायामशाला बनाने और खेल मैदानों को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए अभियान चल रहा है। ताकि खेल प्रतिभाएं उभरें और देश में यूपी का दबदबा बढ़े। इसके अलावा भाजपा सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को भी उपेन्द्र तिवारी अपने क्षेत्र और जिले के विकास के लिए ऐतिहासिक मानते हैं। प्रस्तुत है खेल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेन्द्र तिवारी से हिन्दुस्थान समाचार प्रतिनिधि पंकज राय की खास बातचीत के महत्वपूर्ण अंश... प्रश्न : आपने विधायक होने के नाते साढ़े तीन सालों में क्षेत्र के विकास के लिए क्या किया? कुछ बड़ी परियोजनाओं के नाम बताएं, जो जमीन पर दिख रही हो। उत्तर : विधायक के तौर पर क्षेत्र की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास हर समय रहता है। इन साढ़े तीन सालों में मेरे क्षेत्र में सड़कों की कमी को पूरा किया गया है। कई बड़ी सेतु परियोजनाओं पर काम चल रहा है। ऐतिहासिक पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से बलिया को जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री जी से अनुरोध कर मंजूरी दिलाई है। इससे फेफना ही नहीं, बल्कि पूरे जिले का ऐतिहासिक विकास होगा। क्षेत्र के चेरुइंया में दो करोड़ से अधिक लागत व रामपुर चिट में डेढ़ करोड़ की लागत के पुल का निर्माण कराया। फिरोजपुर व सिंहपुर में भी पुलों का निर्माण कराया गया है। दो दशकों से जर्जर तपनी, नूरपुर, जनउपुर-रतसड़ मार्ग व अराजी मुर्तजापुर, ब्रह्मणी, टेकवरा व शेरवाकला सम्पर्क मार्ग का निर्माण हुआ है। सोबईबांध से नारायनपाली सम्पर्क मार्ग के नवनिर्माण की स्वीकृति दिलाई है। बलिया-गड़वार, फेफना-गड़वार, बलिया-गाजीपुर मार्ग व गड़वार-सुखपुरा मार्ग के मरम्मत की स्वीकृति मिली है। इस प्रकार फेफना विधानसभा क्षेत्र के लगभग 50 मार्गों के मरम्मत की स्वीकृति मिल चुकी है। सभी मार्गों का निर्माण जल्द ही कराया जाएगा। उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य, जिनके पास लोकनिर्माण विभाग भी है, से चितबड़ागांव-पक्की कोट सम्पर्क मार्ग के टोंस नदी पर पुल निर्माण, मगई नदी पर कथरिया-फिरोजपुर के सामने पुल का निर्माण व मगई नदी पर ही नरही में स्व विनोद राय के घर के सामने पुल के निर्माण के लिए स्वीकृति मिली है। बिजली के तारों व ट्रांसफार्मर बदलने जैसे कार्य प्रमुखता से किए गए हैं। खेल की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अनेकों कार्य हुए हैं। प्रश्न : डेढ़ साल बाद चुनाव है। किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे? स्वयं की उपलब्धियों को लेकर या पार्टी की। उत्तर : पूज्य योगी जी के नेतृत्व में चल रही भाजपा सरकार अपने सभी वादों पर खरा उतरी है। मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में हमने जन सरोकारों को पूरा करने का प्रयास किया है। हम सफल भी हुए हैं। प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को लेकर तो हम आशान्वित हैं ही, क्षेत्र की जनता से हर समय जुड़े रहकर उनकी समस्याओं को दूर करने के प्रयास भी किए गए हैं। ये सारे कार्य जनता के बीच लेकर जाएंगे। प्रश्न : प्रदेश में आपकी पार्टी की सरकार और अन्य पार्टियों के सरकारों के बीच मूलभूत अंतर क्या है? उत्तर : अंतर ही अंतर है। सबसे बड़ा अंतर यही है कि भाजपा सरकार में जनता के बीच भेदभाव नहीं किया जा रहा है। सरकार की सारी योजनाएं सभी के लिए लागू की जा रहीं। भ्रष्टाचार पर पूरी तरह से रोक लगाई गई है। भ्रष्टाचार करने वाले बख्शे नहीं जा रहे। चाहे वह कोई भी हो। प्रश्न : क्या आप बताएंगे कि आपकी दृष्टि में इस सरकार की क्या-क्या उपलब्धियां रही हैं? घोषणापत्र के किन-किन वायदों को आपने पूरा किया है? कौन सा वायदा पूरा होने के कगार पर है? कोई एक ऐसी उपलब्धि बताएं, जो आपकी दृष्टि में इस सरकार को पूर्ववर्ती सरकारों से पृथक करती हो? उत्तर : महज साढ़े तीन वर्षों में पूज्य योगी जी की सरकार ने इतने काम किए हैं कि घोषणा पत्र के लगभग वादे पूरे हो चले हैं। अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की हमारी सरकार की नीति पूरा देश देख रहा है। जबकि पिछली सरकारें अपराधियों को बढ़ावा देती थीं। यही नहीं सबको घर, हर घर बिजली व सड़कों का जाल बिछाया गया है। सरकार ने किसानों की मुश्किलें आसान की है। केंद्र में चल रही मोदी जी व प्रदेश में चल रही योगी जी की सरकार में खेलों को जितना बढ़ावा मिला है, उतना 70 वर्षों के दौरान नहीं हुआ। फिट इंडिया कार्यक्रम आज जनांदोलन बन चुका है। हम पारंपरिक खेलों को बढ़ावा दे रहे हैं। गांव-गांव कुश्ती के अखाड़े व व्यायामशालाएं विकसित की जा रही हैं। आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश खेल में नंबर वन बनेगा। यह सारे कार्य हमारी उपलब्धियों का दस्तावेज हैं। प्रश्न : विपक्षियों द्वारा प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर लगाए जानेवाले प्रश्नचिह्नों तथा सरकार के जातिवादी होने के आरोपों पर आपका क्या कहना है? इन आरोपों में कितनी सच्चाई है ? उत्तर : ये अनर्गल बातें हैं। सरकार सभी के हित में काम कर रही है। जातिवादी आरोप वही लगा रहे हैं, जो सरकार में रहने के दौरान खुद जातिवादी मानसिकता से काम करते हैं। भाजपा सरकार पंडित दीनदयाल के अंत्योदय के रास्ते पर चलती है। समाज के अंतिम व्यक्ति की बेहतरी कैसे हो हम इस पर काम कर रहे हैं। प्रश्न : अयोध्या में शुरु हुआ राम मंदिर का निर्माण कार्य आगामी विधानसभा चुनाव को कितना प्रभावित करेगा? उत्तर : प्रभु श्रीराम हमारी आस्था के केंद्र हैं। चुनावों इसे जोड़ कर इसे नहीं देखना चाहिए। सैकड़ों सालों से रुका हुआ काम हुआ है। इसका सामाजिक समरसता में महत्वपूर्ण योगदान होगा। पूरे प्रदेश में अच्छा माहौल है। लोग यह जान रहे हैं कि प्रभु श्रीराम के मंदिर की राह में कौन रोड़े डाल रहा था। प्रश्न : अपने इस प्रदर्शन के बल पर अपने नारे "फिर एक बार योगी सरकार" के सफल होने के विषय में आपके मन में उम्मीदें.....? उत्तर : देखिए! पूज्य योगी जी की सरकार ने प्रदेश के आम आदमी के हित में जितने कार्य इन साढ़े तीन वर्षों में किए हैं, वह मील के पत्थर हैं। आने वाले वर्षों में प्रदेश देश का अग्रणी राज्य होगा। जिस तरह से रोजगार के अवसर बढ़ाये जा रहे हैं, उसे जनता देख रही है। हमारी सरकार के काम ही हमें एक बार फिर जनता की सेवा करने का मौका देंगे। हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/राजेश-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in