भाजपा खोलेगी कांग्रेस की पोल, कार्यकर्ता किसानों को बताएंगे कृषि बिलों के फायदे: केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री
भाजपा खोलेगी कांग्रेस की पोल, कार्यकर्ता किसानों को बताएंगे कृषि बिलों के फायदे: केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री

भाजपा खोलेगी कांग्रेस की पोल, कार्यकर्ता किसानों को बताएंगे कृषि बिलों के फायदे: केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री

जयपुर, 21 सितम्बर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने मोदी सरकार द्वारा संसद में पारित कृषि बिलों को लेकर आमजन एवं किसानों के भ्रम को दूर करने के लिए सोमवार को भाजपा किसान मोर्चा राजस्थान के पदाधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली। भाजपा किसान मोर्चा राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने बताया कि मोर्चा के कार्यकर्ता घर-घर जाकर किसानों को कृषि बिल के फायदे बताएंगे। संसद से सड़क तक कृषि बिलों पर कांग्रेस नेतृत्व वाले विपक्ष के विरोध की हवा निकालने और इससे आमजन एवं किसानों को होने वाले भावी फायदों से अवगत कराने के लिए भारतीय जनता पार्टी की यह नई रणनीति है। केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री के मुताबिक तीनों कृषि बिल किसान हित में हैं। इस पर विवाद पैदा करने वाले विपक्ष का भ्रम फायदा मिलने के साथ खुद किसान ही दूर कर देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि किसान समेत देश के हर नागरिक गुलाम रहें। जब 60-70 के दशक में कृषि ऐक्ट बना तो उसमें मंडियों में आढ़तियों को ही माल बेचने की बाध्यता थी। किसान पूरे देश में कहीं और माल नहीं बेच सकता था। आज इस बिल के पारित होने से किसान आजाद हुआ है। वह जहां चाहे अपनी फसल बेचता सकता है। वास्तविकता में आजादी क्या होती है इसका सही अर्थ किसान को इस बिल के पास होने के बाद समझ आया है। किसानों को मिलेगी असली आजादी : इससे पहले केंद्रीय मंत्री ने सभी मोर्चा पदाधिकारियों को नए कृषि बिलों की बधाई देते हुए कहा कि यह कानून 21वीं सदी की आवश्यकता है। अभी तक देश में जो कानून थे उसने फसल बेचने के मामले में किसानों हाथ पांव बांधे हुए थे। इस वजह से देश के कुछ गिरोह किसानों की मजबूरी का फायदा उठा रहे थे। इसलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने इस व्यवस्था में बदलाव किया है। देश की कृषि सुधार कानून ने हर किसान को यह आधिकार दिया है कि वह किसी को भी, कहीं पर भी अपनी फसल, अपनी फल सब्जियां अपनी शर्तों पर बेच सकता है। किसान मोर्चा खोलेगा कांग्रेस की पोल : कृषि राज्यमंत्री ने कहा कि मुद्दाविहीन विपक्ष खासकर कांग्रेस किसानों में कृषि अध्यादेश पर भ्रम पैदा कर रही है। जनता और किसान उनके बहकावे में आने वाले नहीं हैं। बीजेपी किसान मोर्चा विपक्ष की पोल खोलेगा। राजस्थान मोर्चा आमजन एवं किसानों की जागरूकता तथा कांग्रेस नेतृत्व वाले विपक्ष के षड्यंत्रों की पोल खोलने की मुहिम को बूथ लेवल तक ले जाएगा। इसके तहत बीजेपी किसान मोर्चा तीनों बिलों के बारे मे किसानों से संवाद करेगा। किसान को बिलों की असलियत बताएगा और फायदे गिनाएगा। हिन्दुस्थान समाचार/ ईश्वर बैरागी-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in