बीएसई जाने वाले उप्र के पहले मुख्यमंत्री बने आदित्यनाथ
बीएसई जाने वाले उप्र के पहले मुख्यमंत्री बने आदित्यनाथ

बीएसई जाने वाले उप्र के पहले मुख्यमंत्री बने आदित्यनाथ

मुंबई, 02 दिसम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पहुंचे। उन्होंने बीएसई में लखनऊ नगर निगम के म्युनिसिपल बॉण्ड की लिस्टिंग का शुभारम्भ किया। इसी के साथ बीएसई का दौरा करने वाले आदित्यनाथ प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। उत्तर भारत के किसी नगर निगम द्वारा पहली बार किए गए इस प्रयास को आदित्यनाथ ने एक नए युग की शुरुआत बताया। दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार शाम को मुंबई पहुंचे आदित्यनाथ ने बुधवार को बीएसई सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहा कि यह उत्तर प्रदेश में नगर निकायों के लिए एक नए युग की शुरुआत है। लखनऊ नगर निगम ने बॉण्ड के जरिए एक महीने में 200 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इसी तरह का प्रयास अब गाजियाबाद, आगरा, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी आदि शहरों में भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आबादी के लिहाज से देश का सबसे बड़ा प्रदेश और तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का राज्य उत्तर प्रदेश अपने नागरिकों के जीवन स्तर के विकास की दिशा में लगातार प्रयासरत है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की राष्ट्रीय स्तर की हालिया रैंकिंग में उत्तर प्रदेश ने पिछले वर्ष के प्रदर्शन से आगे निकलते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। यह रैंकिंग निवेशकों, उद्यमियों और उद्योग जगत के विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की धुरी बनेगा। आदित्यनाथ ने बुधवार को बीएसई के हेरिटेज हॉल में आयोजित श्रृंगिंग बेल सेरेमनी में परंपरानुसार बेल बजाकर लखनऊ नगर निगम का म्युनिसिपल बॉण्ड जारी किया। उन्होंने कहा कि निगम का यह प्रयास न केवल लखनऊ वासियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए वित्तीय जरूरतों को पूरा करने वाला होगा, बल्कि उत्तर प्रदेश के अन्य नगर निगमों को भी इस दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। तमाम उद्यमियों, निवेशकों, बीएसई के अधिकारियों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि लखनऊ के बाद अब अतिशीघ्र गाजियाबाद नगर निगम भी बीएसई में अपने म्युनिसिपल बॉण्ड की लिस्टिंग कराएगा। निवेशकों की रुचि के कारण ही यह बॉण्ड ओवर सब्सक्राइब हुआ। साढ़े चार गुना अधिक ओवर सब्सक्रिप्शन मिलना शानदार है। यह हमें और बेहतर करने को प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगमों की कार्यपद्धति में आमूल चूल परिवर्तन के लिए आज का कार्यक्रम महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम प्रदेश की एमएसएमई इकाइयों को एनएसई और बीएसई में लिस्टिंग के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। अब तक 15 इकाइयों ने बीएसई में लिस्टिंग कर अपनी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियां निवेश के अनुकूल हैं। हम निवेशकों की सरलता और सुगमता के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से हाल के समय में उत्तर प्रदेश में निवेशकों की जरूरतों और अपेक्षाओं का यथोचित समाधान हो रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि यूपी इन्वेस्टर समिट में उद्योग जगत की ओर से प्रदेश को आशातीत सहयोग मिला। यह प्रयास सतत जारी रहेगा। अब प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर की स्थापना हो रही है, जो देश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में ग्लोबल हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण होगा। इस मौके पर लखनऊ नगर निगम की मेयर संयुक्ता भाटिया, राज्य सरकार के मंत्री सतीश महाना, सिद्धार्थनाथ सिंह, आशुतोष टंडन, सरकार के वरिष्ठ अधिकारी नवनीत सहगल, अवनीश अवस्थी, संजय प्रसाद, नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने बीएसई की 25वीं मंजिल से मुंबई का विहंगम नजारा और जीवंत ट्रेडिंग भी देखी। उन्होंने शेयर मार्केट के इतिहास को भी जाना। बीएसई के प्रतीक बुल के साथ फोटो भी खिंचवाई। हिन्दुस्थान समाचार/ मनीष कुलकर्णी-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in