बिहार विस चुनाव: ललित व जगन्नाथ की जन्मभूमि पर खिलेगा कमल या जलेगी लालटेन
बिहार विस चुनाव: ललित व जगन्नाथ की जन्मभूमि पर खिलेगा कमल या जलेगी लालटेन

बिहार विस चुनाव: ललित व जगन्नाथ की जन्मभूमि पर खिलेगा कमल या जलेगी लालटेन

राजीव सुपौल, 26 सितम्बर (हि.स.)। बिहार में विधानसभा चुनाव की रणभेरी बच चुकी है। जाहिर तौर पर सुपौल जिले में भी राजनीति परवान चढ़ने लगी है। जिले में कुल 05 विधानसभा सीटें हैं जिनमें फिलहाल छातापुर विधानसभा सीट पर भाजपा के विधायक काबिज हैं। छातापुर विधान सभा क्षेत्र किसी परिचय का मोहताज नहीं। पूर्व रेल मंत्री ललित नारायण मिश्र व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र की जन्मभूमि इसी विधानसभा क्षेत्र के बलुआ गांव में है। अब देखना यह है कि ललित व जगन्नाथ की जन्मभूमि पर पांचवीं बार खिलेगा कमल या जलेगी लालटेन। जानकारों की माने तो इस चुनाव में एनडीए और महागठबंधन के बीच सीधा मुकाबला होगा। हालांकि बीते विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार इन विधानसभा क्षेत्रों में राजनीतिक समीकरण बदला-बदला सा है। वर्ष 2015 के चुनाव में जहां जदयू और भाजपा ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था, इस बार एनडीए के तहत दोनों प्रमुख दल साथ हैं। राजद के साथ महागठबंधन में कांग्रेस प्रमुख रूप से शामिल है। यही कारण है कि इस चुनाव में जिले की तकरीबन सभी सीटों पर एनडीए व महागठबंधन उम्मीदवारों के बीच कड़ी टक्कर होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। पिछले चुनाव में भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिंह ने कांटे की टक्कर में राजद के जहूर आलम को 09 हजार 292 मतों से हराकर चौथी बार जीत हासिल की थी। लगातार चौथी बार जीते थे भाजपा के नीरज कुमार सिंह 'बबलू' छातापुर के भाजपा विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू वर्ष 2005 से लगातार विधायक हैं। वे इससे पूर्व चार चुनाव जीत चुके हैं। बीते चुनाव में उन्होंने कांटे की टक्कर में राजद प्रत्याशी जहूर आलम को पराजित किया था। श्री सिंह को 75 हजार 697 एवं राजद प्रत्याशी को 64 हजार 405 मत प्राप्त हुए थे। छातापुर विधानसभा क्षेत्र में इस बार का चुनाव भी संघर्षपूर्ण माना जा रहा है। राजद की ओर से कई दावेदार टिकट के लिये अभी से प्रयास में जुटे हुए हैं। राजनीतिक जानकारों की मानें तो इस सीट पर वर्तमान समीकरण के हिसाब से राजद प्रत्याशी का चयन महत्वपूर्ण होगा। कुल मिला कर छातापुर के इस चुनाव मेेंं महागठबंधन और एनडीए के बीच तगड़ी टक्कर होने की संभावना जतायी जा रही है। छातापुर से विधायक नीरज कुमार बबलू भी कोसी में भाजपा के सबसे सशक्त उम्मीदवार माने जाते हैंं। पिछले चुनाव में जब भाजपा का कोसी से सफाया हो गया था तो मात्र नीरज कुमार बबलू ने जीत दर्ज कर भाजपा का खाता खोला था। 2 लाख 92 हजार 692 वोटर डालेंगे वोट- छातापुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की कुल संख्या 02 लाख 92 हजार 692 है। जिनमें 01 लाख 53 हजार 879 पुरुष, 01 लाख 38 हजार 806 महिला तथा 07 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। छातापुर से चार बार विधायक बने कुंभ नारायण छातापुर विधानसभा क्षेत्र से 1967 एवं 1969 में संशोपा के कुंभ नारायण सरदार, 1977 में जनता पार्टी के सीताराम पासवान, 1980 एवं 1985 में कांग्रेस के कुंभ नारायण सरदार, 1990 में जनता दल के योगेंद्र नारायण सरदार, 1995 में जनता दल के विश्वमोहन भारती, 2000 में राजद की गीता देवी, 2002 उप चुनाव में राजद के गौरी शंकर सरदार, 2005 में राजद के महेंद्र नारायण सरदार, 2005 में जदयू के विश्वमोहन भारती, 2010 में जदयू के नीरज कुमार सिंह बबलू एवं 2015 चुनाव में भाजपा से नीरज कुमार सिंह ने जीत दर्ज की है। वर्तमान विधायक नीरज कुमार सिंंह बबलू लगातार चार बार चुनाव जीत चुके हैं। दो बार उन्होंने राघोपुर सीट से जीत दर्ज की। वहीं छातापुर विधानसभा क्षेत्र से कुंभ नारायण सरदार भी चार बार विधायक रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in