बंगाल के चुनाव अधिकारियों पर भाजपा का बड़ा आरोप : रोहिंग्याओं को किया जा रहा मतदाता सूची में शामिल
बंगाल के चुनाव अधिकारियों पर भाजपा का बड़ा आरोप : रोहिंग्याओं को किया जा रहा मतदाता सूची में शामिल

बंगाल के चुनाव अधिकारियों पर भाजपा का बड़ा आरोप : रोहिंग्याओं को किया जा रहा मतदाता सूची में शामिल

कोलकाता, 15 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई ने राज्य में तैनात चुनाव अधिकारियों पर बड़ा आरोप लगाया है। वरिष्ठ भाजपा नेता और विधायक सब्यसाची दत्त ने मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा के नाम एक चिट्ठी लिखी है। इसमें उन्होंने बंगाल में मतदाता सूची संशोधन की प्रक्रिया में शामिल चुनाव अधिकारियों पर सवाल खड़ा करते हुए दावा किया है कि सीमा पार से आने वाले घुसपैठियों और रोहिंग्या शरणार्थियों को भी राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी टीएमसी के इशारे पर जनसंख्या का हिस्सा बनाने के लिए मतदाता सूची में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीएमसी नेताओं के कहने पर यह सब कुछ किया जा रहा है। सब्यसाची ने लिखा है कि इससे न केवल चुनाव प्रक्रिया पर असर पड़ेगा बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा को भी खतरा होगा। मंगलवार को सामने आई इस चिट्ठी में तार्किक प्रमाण देते हुए उन्होंने कहा है कि नई मतदाता सूची में देखा जा रहा है कि बांग्लादेश के साथ सीमाओं को साझा करने वाले निर्वाचन क्षेत्रों में नए मतदाता पंजीकरण में अचानक वृद्धि आई है जो स्थानीय टीएमसी नेताओं के इशारे पर हो रहा है। अगर कोई नई टाउनशिप अथवा जनसंख्या वृद्धि होती है तो मतदाता सूची में वृद्धि स्वीकार्य है लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। यह इस बात का संकेत है कि यहां घुसपैठियों और रोहिंग्याओं को मतदाता बनाया जा रहा है। टीएमसी को मतदान करने की शर्त पर इन्हें भारत की नागरिकता दी जा रही है जो खतरनाक है। चिट्ठी में दत्ता ने मुख्य चुनाव आयुक्त से शिकायत की है कि मतदाता सूची संशोधन में भयावह विसंगतियां पाई गई हैं और यह सबकुछ सूची संशोधन में जुड़े चुनाव अधिकारी कर रहे हैं। यह टीएमसी को खुश करने के इरादे से किया जा रहा है और इसमें चुनाव कर्मियों का व्यक्तिगत लाभ शामिल है। भाजपा का यह आरोप गंभीर माना जा रहा है। चुनाव आयोग के सूत्रों ने बताया कि सब्यसाची की इस चिट्ठी को इलेक्शन कमीशन ने गंभीरता से लिया है और इस मामले की गहन जांच की जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश/बच्चन-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in