घुसपैठ में नाकाम चीन ने दर्ज कराया विरोध, कहा- भारत ने किया एलएसी का उल्लंघन
घुसपैठ में नाकाम चीन ने दर्ज कराया विरोध, कहा- भारत ने किया एलएसी का उल्लंघन

घुसपैठ में नाकाम चीन ने दर्ज कराया विरोध, कहा- भारत ने किया एलएसी का उल्लंघन

नई दिल्ली, 01 सितम्बर (हि.स.)। चीन ने पूर्वी लद्दाख में हाल ही में घुसपैठ के अपने दुस्साहस के नाकाम रहने के बाद भारत पर उकसावे वाली व सहमति का उल्लंघन करने वाली कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। चीन ने आधिकारिक विरोध जताते हुए कहा है कि भारत को सीमा पर संयम बरतना चाहिए और वादों पर टीके रहना चाहिए। उसने कहा है कि 31 अगस्त को भारत ने वास्तविक नियंत्रण रेखा का अतिक्रमण करने की कोशिश की है। चीनी दूतावास के प्रवक्ता केजी रोंग ने कहा कि चीन ने भारतीय पक्ष के समक्ष आधिकारिक तौर पर अपना पक्ष रखा है और भारत से अपनी अग्रिम चौकियों पर तैनात सैनिकों को नियंत्रण व संयम में रखने को कहा है। प्रवक्ता ने कहा कि भारत अपने वादे पर टीका रहे और सभी उकसावे वाली कार्रवाई को बंद करे। अवैध तरीके से वास्तविक नियंत्रण रेखा को पार करने वाले अपने सैनिकों को तुरंत वापस बुलाए। तुरंत ऐसी कार्रवाई बंद करे जिससे तनाव बढ़े और परिस्थितियां अधिक जटिल हों। सूत्रों के मुताबिक चीन ने यह विरोध राजनयिक और सैन्य दोनों चैनलों के माध्यम से दर्ज कराया है। उसने कहा है कि 31 अगस्त को भारतीय सैनिकों ने चीन और भारत के बीच बहु-स्तरीय वार्ता में बनी सहमति का उल्लंघन किया, पैगॉन्ग त्सो झील के दक्षिणी तट पर और पश्चिमी क्षेत्र में रेनिन दर्रे के पास फिर से वास्तविक नियंत्रण रेखा पर अवैध रूप से घुसपैठ की। चीन-भारत सीमा पर उकसावे वाली कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्रों में तनाव पैदा हो गया है। विदेश मंत्रालय की ओर से अभीतक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। चीन का कहना है कि भारत के इस कदम ने चीन की क्षेत्रीय संप्रभुता का घोर उल्लंघन किया है। दोनों देशों के बीच प्रासंगिक समझौतों, प्रोटोकॉलों और बनी महत्वपूर्ण सहमति का गंभीर उल्लंघन किया है। चीन-भारत सीमा क्षेत्रों में शांति और अमन को नुकसान पहुंचाया है। भारत ने जमीन पर स्थिति को ठीक करने और तनाव को कम करने के लिए दोनों पक्षों द्वारा किए गए प्रयासों के विपरित काम किया है और चीन इसका विरोध करता है। हिन्दुस्थान समाचार/अनूप/बच्चन-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in