अपडेट..भोपाल : खुदाई के दौरान खदान धसकने से छह बच्चे मिट्टी में दबे, चार की मौत
अपडेट..भोपाल : खुदाई के दौरान खदान धसकने से छह बच्चे मिट्टी में दबे, चार की मौत

अपडेट..भोपाल : खुदाई के दौरान खदान धसकने से छह बच्चे मिट्टी में दबे, चार की मौत

भोपाल, 09 नवम्बर (हि.स.)। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरखेड़ी में सोमवार सुबह नाले के किनारे कुछ बच्चे मिट्टी की खुदायी कर रहे थे। इसी दौरान खदान धकसने से छह बच्चे मिट्टी में दब गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से बच्चों को मिट्टी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चार बच्चों की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। दो बच्चों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम बरखेड़ी में सोमवार सुबह 9.00 बजे के करीब गांव के 7 बच्चे नाले किनारे मिट्टी खोदने गए थे। उनमें से छह बच्चे मिट्टी खोदते-खोदते खदान के अंदर पहुंच गए जबकि एक बच्चा बाहर ही खड़ा था। इसी दौरान अचानक खदान धसक गई और खदान के अंदर पहुंचे छह बच्चे मिट्टी में दब गए। हादसे की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने तत्काल मिट्टी हटाना शुरू कर दिया। इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और बच्चों को मिट्टी से निकालकर एम्बुलेंस 108 के जरिये हमीदिया अस्पताल भेजा गया, लेकिन चार बच्चों की रास्ते में ही मौत हो गई। शेष दो बच्चों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया। क्षेत्र के एसडीएम क्षितिज शर्मा मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मृतकों में तीन लड़कियां और एक लड़का शामिल है। मृतकों की पहचान सात वर्षीय मनोज पुत्र बन्ने, सात वर्षीय आशा पुत्री कैलाश, नौ वर्षीय शीला पुत्री प्रभुराम और 10 वर्षीय कविता पुत्री श्यामलाल निवासी ग्राम बरखेड़ी के रूप में हुई है। रोहित और विक्रम नामक दो बच्चों का गंभीर हालत में अस्पताल में उपचार चल रहा है। उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई गई है। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह सभी बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। वे खेलते-खेलते मिट्टी की खदान तक कैसे पहुंच गए, इसकी जानकारी किसी को नहीं लगी। कुछ देर बात उनके खदान में दबने की खबर मिली। हादसे के बाद ग्रामीण अस्पताल में जमा हो गए और वे बच्चों का पोस्टमार्टम नहीं कराने पर अड़ गए। बाद में पुलिस ने उन्हें समझाया तब जाकर वे पोस्टमार्टम के लिए माने। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये हैं और मामले को जांच में लिया है। इधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के माध्यम से घटना पर दुख व्यक्त करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने लिखा है कि भोपाल के ग्राम बरखेड़ी में मिट्टी धंसने से हुई चार बच्चों की मृत्यु का समाचार अत्यंत ही दु:खद और हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएँ पीड़ित परिवारों के साथ है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्माओं को शांति दें और परिजनों को इस वज्रपात को सहने की शक्ति दें। उन्होंने पीड़ित परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। हिन्दुस्थान समाचार/ मुकेश/रामानुज-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in