will-never-contest-elections-fighting-for-the-rights-of-farmers-right-now-tikait
will-never-contest-elections-fighting-for-the-rights-of-farmers-right-now-tikait

चुनाव कभी नहीं लडूंगा, अभी लड़ रहा किसानों के हक की लड़ाई : टिकैत

अलवर, 11 फरवरी (हि. स.)। किसान नेता राकेश टिकैत गुरुवार को अलवर दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने लक्ष्मणगढ़ में किसान महापंचायत को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार जब तक तीनों कृषि कानूनों को वापस नहीं लेगी तब तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने साफ कर दिया कि वे चुनाव लड़ने के लिए आंदोलन नहीं कर रहे हैं, वे सिर्फ किसानों के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। केन्द्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ किसान नेता राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों में अब महापंचायत कर रहे हैं। राजस्थान में महापंचायत का सिलसिला शुरू हो चुका है। इसकी शुरुआत अलवर के लक्ष्मणगढ़ से की गई है। गुरुवार को लक्ष्मणगढ़ में पहली किसान महापंचायत की गई। इसमें किसान नेता राकेश टिकैत सहित अन्य किसान नेता पहुंचे। किसान नेता टिकैत ने कहा कि जब तक तीनों कृषि कानून वापस नहीं होते हैं, तब तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान के किसानों को एकजुट करने के लिए वो राजस्थान दौरे पर आए हैं। इससे किसान आंदोलन को गति मिल सकेगी। सरकार की ओर से किसान आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जब तक किसानों के हितों की रक्षा के लिए तीनों कानून वापस नहीं होंगे तब तक आंदोलन जारी रखेंगे। टिकैत ने कहा कि 18 फरवरी को रेल रोको आंदोलन की रणनीति चल रही है, उसे कमेटी तय करेगी कि आगे अलग-अलग तरीके से आंदोलन किस रूप में किया जाए। उन्होंने केन्द्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक सरकार खुद बात करने नहीं आएगी तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। सरकार की मंशा प्रदर्शन समाप्त करने की नहीं है, वो एक आम किसान की लड़ाई लड़ रहे हैं। राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के किसानों को उनकी फसल का मूल्य नहीं मिलता है और किसान परेशान रहता है। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि किसान साल भर मेहनत मजदूरी कर अपनी फसल पैदा करता है, कभी बारिश तो कभी ओले उसकी फसल को खराब करते हैं, जो फसल बचती है उस फसल का दाम किसान को नहीं मिलता है। टिकैत ने कहा कि सरकार ने दिल्ली में जो कीलें लगाई हैं, जरुरत पड़ी तो उन कीलों को निकाल कर जाएंगे। उन्होंने कहा कि वो चुनाव नहीं लड़ेंगे, वो किसान की लड़ाई लड़ रहे हैं। 23 फरवरी को सीकर में किसान महापंचायत सीकर की कृषि उपज मंडी में 23 फरवरी को किसान महापंचायत का ऐलान किया गया है। इस महापंचायत को किसान नेता राकेश टिकैत और कॉमरेड अमराराम संबोधित करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा ने इसको लेकर तैयारी भी शुरू कर दी है और लोगों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। किसान नेता अमराराम ने शाहजहांपुर बॉर्डर से वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी है। 13 फरवरी को भूमा सेवद बड़ी और अखेपुरा टोल पर किसान पंचायत होगी। 14 फरवरी को दूजोद और आसपुरा-अजीतगढ़ टोल पर किसान पंचायतों का आयोजन किया जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप/सुनीत-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in