vanvasi-kalyan-ashram-elections-complete-kharadi-becomes-president
vanvasi-kalyan-ashram-elections-complete-kharadi-becomes-president

वनवासी कल्याण आश्रम के चुनाव सम्पन्न, खराड़ी बने अध्यक्ष

जशपुर, 20 फरवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम की नूतन कार्यकारिणी का चुनाव शुक्रवार को सम्पन्न हुआ। इस संबंध में शनिवार को संगठन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सूचना दी। वनवासी कल्याण आश्रम के प्रति तीन वर्षों में एक बार नियमित रूप में संगठन चुनाव होते हैं। वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदेव राम उरांव के 15 जुलाई, 2020 को आकस्मिक निधन के पश्चात राजस्थान के रामचंद्र खराड़ी को अंतरिम अध्यक्ष के नाते जिम्मेदारी दी गई थी। जशपुर में आयोजित सर्व साधारण सभा में हुए चुनाव में रामचंद्र खराड़ी को ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चुना गया। साथ में तेलंगाना के डाॅ. एच.के.नागु और झारखण्ड के सत्येन्द्र सिंह काे सर्वसम्मत उपाध्यक्ष के रूप में चुना गया। योगेश बापट महामंत्री और संयुक्त महामंत्री के रूप में विष्णुकांत और रामेश्वर भगत तथा कोषाध्यक्ष शंकर लाल अग्रवाल चुने गए। पबित्र कहंर, ताजुंग तासुम, (सुश्री) ललिता मुर्मु, (श्रीमती) नीलिमाताई पट्टे, प्रकाश काले, भगवान सहाय केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य चुने गए। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अतुल जोग को राष्ट्रीय संगठन मंत्री और संदीप कविश्वर एवं रमेश बाबू को सह-संगठन मंत्री के रूप में मनोनीत किया। चुनाव अधिकारी निशीकांत जोशी ने चुनाव कार्यवाही का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। नवीन कार्यकारिणी का चुनाव सम्पन्न होने पर सभी सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की। सर्व साधारण सभा में कोषाध्यक्ष शंकर लाल अग्रवाल ने अंकेक्षित प्रतिवेदन एवं वर्ष 2021-22 का अर्थ संकल्प (अनुमानित बजट) प्रस्तुत किया, जिसे चर्चा के पश्चात् सभा ने अनुमति प्रदान की। राष्ट्रीय संगठन मंत्री ने आगामी वर्ष में जागरण अभियान के माध्यम से जनजाति समाज के व्यापक संपर्क योजना की घोषणा की। सर्व साधारण सभा का मार्गदर्शन करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में कार्य को बढ़ाना एक चुनौती है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि जिन अनुभवी कार्यकर्ताओं के साथ काम करना है उनके प्रयासों के चलते हम निश्चित ही यशस्वी होंगे। वनयोगी बाला साहब देशपांडे से प्रारंभ होकर जगदेव राम जी तक वनवासी समाज के सर्वांगीण विकास के लिए चल रहा यह अभियान आप सबके सहयोग से सम्पन्न होगा। हिन्दुस्थान समाचार/प्रतिनिधि/

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in