unrest-from-congress-development-comes-from-bjp-amit-shah
unrest-from-congress-development-comes-from-bjp-amit-shah

कांग्रेस से अशांति, भाजपा के आने से आता है विकास : अमित शाह

अरविंद राय धेमाजी (असम), 22 मार्च (हि.स.)। धेमाजी जिला के जोनाई में भाजपा उम्मीदवार भुवन पेगु के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से बताया। अमित शाह असम में चुनाव प्रचार के मद्देनजर दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। सोमवार को वे तीन चुनावी रैलियों को संबोधित करने की कड़ी में जोनाई में अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित कर जनता से भाजपा को समर्थन देने का आह्वान किया। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में धूप के बीच मौजूद जनता की उपस्थिति बताती है कि भाजपा की जीत निश्चित है। कांग्रेस के शासन में आंदोलन चलता, आतंकवाद, गोलियां चलतीं और असम में विकास का कोई नाम नहीं था। पहले भी मैं यहां आया था। पांच वर्ष का समय मांगा था। आपने दिया और असम में शांति स्थापित हो गयी। इससे साफ हो गया कि कांग्रेस आती है तो अशांति आती है। भाजपा आती है तो विकास आता है। यह चुनाव असम के भविष्य को संवारने का चुनाव है। हमने विकास के साथ ही असम के गौरव को बढ़ाने का काम किया। शाह ने कहाकि डॉ. मनमोहन सिंह असम से लगातार 15 वर्षों तक सांसद रहे, 10 वर्षों तक सत्ता रही लेकिन असम के लिए कुछ नहीं किया। भाजपा सरकार ने डॉ भूपेन हजारिका को भारत रत्न से सम्मानित किया, रिफाइनरी विकास, ब्रह्मपुत्र पर पुल, सड़क रेल लाइन, जमीन का पट्टा देने, गैर की रायल्टी, उच्च शिक्षण संस्था, स्वास्थ्य सेवा, पेयजल, ब्रॉड बैंड, शौचालय, बिजली, समेत अन्य कई योजनाओं का जिक्र करते हुए असम के विकास को रेखांकित किया। धेमाजी जिले में शुरू की गयी विभिन्न विकास की योजनाओं के साथ ही 24 हजार लोगों को घर देने का जिक्र किया। उन्होंने कहाकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम का विकास किया। सर्वानंद सोनोवाल और डॉ हिमंत विश्वशर्मा ने असम को आंदोलन से मुक्त किया है। कांग्रेस पार्टी एआईयूडीएफ को अपनी गोद में बैठा रही है जिसके चलते असम में घुसपैठिए लाने की कोशिश की जा रही है। भाजपा इस घुसपैठ को नहीं होने देगी। उन्होंने सवालिया लहजे में कहाकि मौलाना बदरुद्दीन अजमल सत्ता में आएंगे तो किस तरह से घुसपैठ को रोका जाएगा। उन्होंने कहाकि असम और मिसिंग जनजाति का सम्मान करूंगा। मिसिंग जनजाति के विकास के लिए नई सरकार बनने पर एक नया बोर्ड बनाया जाएगा। कांग्रेस लोगों को आपस में लड़ाने का काम करती है। भाजपा सभी छोटी-छोटी जनजातियों को जोड़कर विकास करने का काम किया है। कांग्रेस ने असमिया-बंगाली, ऊपरी असम निचले असम के नाम पर झगड़ा लगाकर राजनीति करती रही है। उन्होंने बोड़ो समझौते का जिक्र करते हुए कहाकि वहां पर अब शांति स्थापित हो गयी है। बम धमाके, घुसपैठ और आतंकवाद पर विश्वास नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री असम को आगे बढ़ाने का काम किया। 15 वर्षों तक सत्ता में रहने के बाद भी कांग्रेस मिसिंग स्वायत्त परिषद का गठन कांग्रेस ने नहीं किया लेकिन भाजपा ने पांच वर्षों में इसका गठन कर दिया। उन्होंने कहाकि असम में बाढ़ एक बड़ी समस्या है। इस समस्या का समाधान करने के लिए मोदी सरकार ने असम को पांच वर्ष में बाढ़ मुक्त बनाने की रणनीति तैयार कर ली है। बाढ़ से मुक्त होने पर हमारे पैसे बचेंगे, जिसका उपयोग राज्य के दूसरे विकास में किया जाएगा। कोरोना काल में असम को बचाने के लिए मुख्यमंत्री व डॉ विश्वशर्मा की सराहना की। प्रधानमंत्री ने देश के गौरव को बढ़ाने का काम किया है। अनुच्छेद 370 व अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का जिक्र किया। उन्होंने कहाकि एक ओर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सोनाेवाल की भाजपा सरकार है तो दूसरी ओर राहुल गांधी और बदरुद्दीन अजमल के गठबंधन वाली कांग्रेस सरकार है। यह यहां की जनता को तय करना है कि असम का विकास कौन करेगा। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार को फिर से जीताने का आह्वान किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, सांसद प्रदान बरुवा, उम्मीदवार भुवन पेगु समेत अनेक नेता मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in