union-minister-dr-singh-inaugurated-bamboo-treatment-plant
union-minister-dr-singh-inaugurated-bamboo-treatment-plant

बांस उपचार संयंत्र का केंद्रीय मंत्री डॉ. सिंह ने किया उद्घाटन

गुवाहाटी, 24 फरवरी (हि.स.)। उत्तर पूर्व बेंत और बांस विकास परिषद (एनईसीबीडीसी), बर्नीहाट में स्थापित बांस उपचार संयंत्र का बुधवार को केंद्रीय डोनर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने उद्घाटन किया। संयंत्र के उद्घाटन अवसर पर एयर मार्शल अंजन कुमार गोगोई, उत्तर पूर्वी परिषद के सदस्य डॉ. शैलेंद्र चौधरी, एनईसीबीडीसी की प्रबंध निदेशक आर लालरोडिंगी, एनईसी के सलाहकार (बीआईटी) समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। डॉ. सिंह ने एनईसी, एनईसीबीडीसी द्वारा निभाई गई भूमिका की इस मौके पर सराहना की। उन्होंने कहा कि बांस का उपयोग अगरबत्ती बनाने, घर में झाड़ू लगाने से लेकर घर के सजावटी उपयोग में किया जा रहा है। यह एक ऐसा उत्पाद है जो पूरी तरह प्रदूषण मुक्त है। डॉ. सिंह ने कहा कि आज बांस से विभिन्न प्रकार के साजो सामान, मूर्तियां आदि बनाई जा रही हैं। पूर्वोत्तर में सबसे अधिक बांस पाया जाता है। आने वाले समय में भारत के बांस के उत्पाद पूरे विश्व में अपना एक अलग बाजार स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर पूर्व बेंत और बांस विकास परिषद पूर्वोत्तर में बांस के उत्पादन में वृद्धि और बांस की सामग्री बनाने पर काफी अहम भूमिका निभा रहा है। बांस बेरोजगार युवकों को रोजगार दिलाने में एक अच्छी भूमिका निभा रहा है। एनईसीबीडीसी के सदस्य डॉ. शैलेन्द्र चौधरी ने कहा कि यह संयंत्र आधुनिक तकनीक पर आधारित है। साथ ही कहा कि यह राष्ट्रीय बांस मिशन और उत्तर पूर्वी परिषद द्वारा वित्त पोषित। उन्होंने कहा कि यह भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र सरकार की एक पहल है। बांस उद्योग इस क्षेत्र में रोजगार पैदा करते हैं। इस तरह की परियोजना उत्तर पूर्व स्थापित करने पर डॉ. चौधरी ने जोर देते हुए कहा कि किसानों और स्थानीय युवाओं को ट्रीटमेंट प्लांट लगाने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांवों में उत्पादित बांसों के लिए अच्छा बाजार उपलब्ध कराया जाएगा। संयंत्र के क्रियान्वयन से बांस-उद्यमी 200 फीसद तक लाभांश प्राप्त कर पाएंगे। असम में इस तकनीक के संचालित होने पर 500 से अधिक कारीगरों, उद्यमियों, किसानों, विद्यार्थियों, वास्तुकारों, वैज्ञानिक और पेशेवरों के हर साल लाभान्वित होने की उम्मीद है। हिन्दुस्थान समाचार/असरार/अरविंद/सुनीत

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in