tripura-four-bjp-workers-killed-21-injured-in-an-accident-while-returning-from-an-election-rally
tripura-four-bjp-workers-killed-21-injured-in-an-accident-while-returning-from-an-election-rally

त्रिपुराः चुनावी रैली से लौटते समय दुर्घटना में भाजपा के चार कार्यकर्ताओं की मौत, 21 घायल

-सीएम बिप्लब देव ने जताया दुख अगरतला, 26 मार्च (हि.स.)। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री की नतुनबाजार में चुनावी रैली में हिस्सा लेकर वापस लौट रहे भाजपा कार्यकर्ता सड़क दुर्घटना के शिकार हो गए जिसमें चार कार्यकर्ताओं की मौत हो गई और 21 अन्य कार्यकर्ता घायल हैं जिन्हें अमरपुर और गोमती जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देव ने इस घटना पर गंभीर दुख व्यक्त किया है। गोमती के जिला अधिकारी टीके देवनाथ ने बताया है कि बीरगंज पुलिस थानांतर्गत लाकरीबारी इलाके में नतुनबाजार-अमरपुर मार्ग पर एक बोलेरो वाहन पलट गया। वाहन में 25 भाजपा कार्यकर्ता सवार थे जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा कि घायलों को पहले अमरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन, 07 लोगों की हालत गंभीर देख उन्हें गोमती जिला अस्पताल में रेफर किया गया है। उन्होंने कहा कि हादसे में मरने वालों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल है। घटना के संबंध में भाजपा गोमती जिला अध्यक्ष ने कहा कि दुर्घटना चालक की लापरवाही के कारण हुई है। इसमें पार्टी के चार कार्यकर्ताओं की मौत हो गई। घायलों को बचाने और अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देव और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने टेलीफोन पर घटना की जानकारी ली और पीड़ित परिवार को मदद का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा, अमरपुर में भाजपा की रैली से घर जाने के दौरान एक सड़क दुर्घटना में चार पार्टी कार्यकर्ताओं की मौत हो गई। इस घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। कई कार्यकर्ता भी घायल हो गए। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए मां त्रिपुरसुंदरी से प्रार्थना करता हूं। ज्ञात हो कि राज्य में एडीसी का चुनाव होने जा रहा है। जिसके लिए शुक्रवार को एक जनसभा का आयोजन किया गया था। जिसमें मरने वाले व घायल भाजपा कार्यकर्ता हिस्सा लेने के बाद अपने घर लौट रहे थे। हिन्दुस्थान समाचार/ संदीप/ अरविंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in