toktek-storm-orange-alert-in-mumbai-all-flights-at-airport-postponed-for-3-hours
toktek-storm-orange-alert-in-mumbai-all-flights-at-airport-postponed-for-3-hours

तोकते तूफान: मुंबई में ओरेंज एलर्ट,एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें 3 घंटे के लिए स्थगित

रायगढ़ में 447 घर गिरे, 885 लोगों को स्थलांतरित किया गया मुंबई, 17 मई (हि.स.)। अरब सागर में उत्पन्न तोकते तूफान रायगढ़ जिले से मुंबई की ओर बढ़ रहा है। इसलिए मुंबई में ओरेंज एलर्ट जारी कर दिया गया है। मुंबई एयरपोर्ट पर सोमवार को दिन में 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक सभी उड़ानें स्थगित कर दी गई हैं। मोनोरेल सेवा व कोरोना वायरस टीकाकरण पूरे दिन के लिए बंद कर दिए गए हैं। शहर की सभी 6 चौपाटियों पर नेशनल डिजास्टर रिस्पांस की 3 टीम तैनात कर दी गई है। रायगढ़ में तोकते तूफान की वजह से 447 घर गिर गए हैं और बड़े पैमाने पर पेड़ भी गिरे हैं। यहां 885 लोगों को सुरक्षित स्थलों पर स्थलांतरित किया गया है। जिले में राहत व बचाव कार्य जारी है। जानकारी के अनुसार तोकते तूफान की वजह से रायगढ़, सिंधुदूर्ग, रत्नागिरी, मुंबई ,ठाणे, पालघर जिले के समुद्र तटीय इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हो रही है। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से तैयारियां की गई हैं। मुंबई में निचले इलाकों के कोरोना उपचार केंद्रों से हजारों मरीजों को अन्य अस्पतालों में स्थलांतरित किया गया है। मुंबई, ठाणे व पालघर जिले में नगर निगम तटीय इलाकों में हर तरह से मुस्तैद है। राज्य सरकार की आपदा टीम भी इन इलाकों में मुस्तैद है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे तोकते तूफान से होने वाले नुकसान का हर पल जायजा ले रहे हैं। उपमुख्यमंत्री अजीत पवार सोमवार को सुबह ही मंत्रालय में स्थित कंट्रोल रुम में गए और तोकते तूफान को लेकर सतर्क रहने का आदेश प्रशासन को दिया है। तोकते तूफान रायगढ़ जिले से मुंबई की दिशा की ओर अग्रसर हो गया है। रायगढ़ जिले में तोकते तूफान की वजह से 447 घर गिर गए हैं और सैकड़ों घरों का आंशिक नुकसान हुआ है। उरन इलाके मेंभाजी मार्केट में पेड़ गिरने से एक महिला की मौत की खबर मिली है। रविवार को रायगढ़ में स्थित एक घर पर पेड़ गिर जाने से दो सगी बहनों की मौत हो गई थी। रायगढ़ जिले की जिलाधिकारी ने यहां राहत व बचाव कार्य तेज कर दिया है। रायगढ़ जिले की पालकमंत्री अदिति तटकरे ने भी यहां तूफान से गिरे पेड़ों को तत्काल हटाए जाने व स्थलांतरित लोगों को हर तरह की सुविधा उपलब्ध करवाए जाने का निर्देश प्रशासन को दिया है। हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in