this-is-an-opportunity-to-popularize-ayurveda-medicine-pm-modi
this-is-an-opportunity-to-popularize-ayurveda-medicine-pm-modi

यह आयुर्वेद चिकित्सा को लोकप्रिय बनाने का अवसर है: पीएम मोदी

नई दिल्ली, 12 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को स्वस्थ्य से जुड़े ‘वेलनस टूरिज्म’ का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थिति आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा को विश्व स्तर पर लोकप्रिय बनाने का अवसर दे रही हैं। लोगों को अब आयुर्वेद के लाभ और रोग प्रतिरोधक क्षमता के विकास में इसकी भूमिका समझ आ रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को चौथे आयुर्वेद वैश्विक सम्मेलन को वीडियो संदेश से संबोधित करते हुए कहा कि आयुर्वेद केवल रोगमुक्त होने के लिए ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण स्वास्थ्य की रक्षा के लिए काम करता है। उन्होंने कहा, “आयुर्वेद एक प्रेरक शक्ति है, जो दुनिया को हमारी भूमि तक लाता है। यह हमारे युवाओं के लिए समृद्धि भी ला सकता है।” उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन पहले ही भारत में परंपरागत चिकित्सा से जुड़ा केन्द्र बनाने की घोषणा कर चुका है। विभिन्न देशों के छात्र आयुर्वेद और पारंपरिक दवाओं का अध्ययन करने के लिए भारत आ रहे हैं। यह दुनिया भर में कल्याण के बारे में सोचने का आदर्श समय है। प्रधानमंत्री मोदी ग्लोबल आयुर्वेद फेस्टिवल को संबोधित करते हुए अपनी बात रख रहे थे। उन्होंने कहा आयुर्वेद और चिकित्सा के पारंपरिक रूपों को आगे बढ़ाने के लिए यह महोत्सव एक सराहनीय प्रयास है। उल्लेखनीय है कि भारत की पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को लेकर प्रधानमंत्री मोदी लगातार जोर देते रहे हैं। कोविड महामारी के दौरान भी कई बार अपनी बात साझा करते कर पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के लाभ को गिनाया है। वैश्विक आयुर्वेद महोत्सव (जीएएफ) वर्चुअल माध्यम से हो रहा है। 12 से 19 मार्च तक चलने वाले इस महोत्सव में देश और दुनिया के कई प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य शामिल हो रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार/अनूप

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in