sukanta-majumdar-got-the-command-of-west-bengal-bjp---dilip-ghosh-was-made-the-national-vice-president
sukanta-majumdar-got-the-command-of-west-bengal-bjp---dilip-ghosh-was-made-the-national-vice-president

सुकांता मजूमदार को मिली पश्चिम बंगाल भाजपा की कमान-दिलीप घोष को बनाया गया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

नई दिल्ली, 20 सितंबर ( आईएएनएस )। भाजपा ने पश्चिम बंगाल प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए डॉ सुकांता मजूमदार को नया प्रदेश अध्यक्ष बना दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने तत्काल प्रभाव से पश्चिम बंगाल के बालूरघाट लोकसभा क्षेत्र से सासंद डॉ सुकांता मजूमदार को प्रदेश भाजपा की कमान थमा दी है। अब तक पश्चिम बंगाल में भाजपा की कमान संभालने वाले लोकसभा सांसद दिलीप घोष को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाकर राष्ट्रीय राजनीति में लाया गया है। दरअसल, विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की पार्टी से चुनाव हारने के बाद से ही भाजपा से नेताओं का पलायन शुरू हो गया है। छोटे कार्यकर्ता, विधायक से लेकर सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री तक भाजपा का दामन छोड़कर ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। हाल ही में पूर्व केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल से भाजपा के टिकट पर दो बार लोकसभा चुनाव जीते बाबुल सुप्रियो ने भी भाजपा को बॉय-बॉय करके टीएमसी को ज्वाइन कर लिया। भाजपा के नेता लगातर यह कह रहे हैं कि पश्चिम बंगाल में उनके नेताओं को लगातार परेशान किया जा रहा है और डर के मारे उनके कार्यकर्ता और नेता पार्टी छोड़कर जा रहे हैं। लेकिन नेताओं के बीच मची भगदड़ को लेकर भाजपा आलाकमान चिंतित भी था। पार्टी के आला नेताओं के मुताबिक प्रदेश संगठन और कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए नई ऊर्जा का संचार करना और नया चेहरा देना जरूरी लग रहा था और इसी को देखते हुए पश्चिम बंगाल भाजपा संगठन में बदलाव का यह फैसला किया गया। डॉ सुकांता मजूमदार को फिलहाल भाजपा ने सिक्किम भाजपा का प्रभारी और उत्तर बंगा क्षेत्र का सह-संयोजक भी बना रखा था। इसके साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उत्तर प्रदेश को लेकर भी एक महत्वपूर्ण फैसला किया है। हाल ही में उत्तराखंड के राज्यपाल पद से इस्तीफा देने वाली बेबी रानी मौर्य को भी पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। आगरा में सक्रिय राजनीति कर चुकी बेबी रानी मौर्य को दोबारा से सक्रिय राजनीति में लाकर भाजपा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में राजनीतिक लाभ हासिल करना चाहती है। --आईएएनएस एसटीपी/एएनएम

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in