दक्षिण-पूर्व एशिया के बाजार को ध्यान में रखकर कार्य करें- सोनोवाल
दक्षिण-पूर्व एशिया के बाजार को ध्यान में रखकर कार्य करें- सोनोवाल

दक्षिण-पूर्व एशिया के बाजार को ध्यान में रखकर कार्य करें- सोनोवाल

गुवाहाटी, 28 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने असम के लोगों से अपील की है कि वे पूरे दक्षिण पूर्व एशिया के बाजार को ध्यान में रखकर कार्य करें ताकि, अपनी क्षमताओं एवं साधन व संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को ये बातें राज्य के बिश्वनाथ जिला के गोहपुर शहर में ऐतिहासिक गोहपुर थाना के पुनर निर्मित परिसर के उद्घाटन के अवसर पर कही। ज्ञात हो कि सरकार द्वारा राज्य के ऐतिहासिक गोहपुर थाना का पुनर्निर्माण करवाया गया है। इस थाने में मृत्यु विजयनी कनकलता बरूवा ने अंग्रेज शासकों के खिलाफ अपने प्राण न्योछावर किए थे। इस थाना की स्थापना स्वाधीनता आंदोलन के दौरान ब्रिटिश सरकार द्वारा सन 1903 में किया गया था। इसके ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए सरकार ने इस थाना परिसर का पुनर्निर्माण कराकर इसे नया स्वरूप दिया है। निर्माण के दौरान इस बात का भी ध्यान रखा गया है कि इसका ऐतिहासिक ढांचा भी बरकरार रह सके। इस अवसर पर आयोजित एक भव्य समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सोनोवाल ने कहा कि गोहपुर के लोग अत्यंत पराक्रमी हैं। मुख्यमंत्री ने नई पीढ़ी के लोगों से अपील की कि वे हमारे पूर्वजों के पराक्रम से सीख लेकर आगे का रास्ता तय करें। उन्होंने कहा कि हमारे सामने पूरा दक्षिण पूर्व एशिया के देशों का बाजार है जहां 60 करोड़ लोग निवास कर रहे हैं। वहीं हमारे पास अपार साधन एवं संसाधन भी मौजूद हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोहपुर के साथ ही पूरे बिश्वनाथ जिला को बाढ़ से बचाने के लिए सरकार द्वारा कई ठोस एवं कारगर उपाय किए जा रहे हैं। समारोह में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री ने बिश्वनाथ तथा लखीमपुर जिले के कई बाढ़ प्रभावित एवं भू-स्खलन वाले स्थानों का भी दौरा किया। उन्होंने कहा कि नदी में आने वाली बाढ़ एवं भू-स्खलन से गोहपुर को बचाने के लिए स्थिति पर गंभीरतापूर्वक सरकार विचार कर रही है। वहीं बुरोई नदी द्वारा लखीमपुर जिले में हो रहे तट कटाव को रोकने की भी व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि असम में बाढ़ एवं तट कटाव, भू-स्खलन को रोकने के प्रति केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार काफी गंभीर है। यही वजह है कि इसे राष्ट्रीय समस्या का दर्जा दिया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पूरे राज्य में इस दिशा में व्यापक पैमाने पर कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के साथ राज्य के जल संसाधन मंत्री केशव महंत ने भी समारोह को संबोधित किया। अपने संबोधन में मंत्री केशव महंत ने कहा कि असम की वर्तमान सरकार राज्य के ऐतिहासिक धरोहरों को जीवंत बनाने के प्रति अत्यंत संवेदनशील है। यही वजह है कि तीन ऐतिहासिक स्थानों गोहपुर, ढेकियाजुली तथा सोतिया के पुनर्निर्माण के लिए डेढ़ करोड़ रुपए दिए हैं। राज्य के सांस्कृतिक मामलों के राज्यमंत्री नव कुमार दलै, तेजपुर के सांसद पल्लव लोचन दास, स्थानीय विधायक कनकलाता बरूवा के परिवार के सदस्यों के साथ ही बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश / अरविंद-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in