sonia-wishes-countrymen-on-various-festivals
sonia-wishes-countrymen-on-various-festivals

विभिन्न त्यौहारों पर सोनिया ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 14 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बोहाग बिहु, विशु, पुथांडु, उड़िया नववर्ष और महा बिशुबा पना संक्रांति के त्यौहारों के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही उन्होंने प्रार्थना की कि आने वाले नव वर्ष में सभी के जीवन में उमंग और ऊर्जा का संचार हो और देश की प्रगति का मार्ग प्रशस्त हो। सोनिया गांधी ने बुधवार को जारी अपने शुभकामना संदेश में कहा, ‘मैं देशभर के विभिन्न राज्यों में मनाए जा रहे बोहाग बिहु, विशु, पुथांडु, उड़िया नववर्ष और महा बिशुबा पना संक्रांति के त्यौहारों के अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं।’ उन्होंने कहा कि नव वर्ष के अवसर पर देश के विभिन्न क्षेत्र में अलग-अलग नाम और तरीकों से मनाए जाने वाले ये त्यौहार देश की विभिन्नता को दर्शाते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि नव वर्ष के मौके पर नई उम्मीदों और उत्साह के साथ मनाए जाने वाले ये त्यौहार देश की सांस्कृतिक विविधता और परम्परा के प्रतीक हैं। इनमें हमारे किसानों के अथक परिश्रम के प्रति सम्मान प्रकट किया जाता है। उन्होंने कहा, ‘मैं इन त्यौहारों के माध्यम से देश में आपसी भाईचारे की भावना के और मजबूत होने तथा सब भारतीयों की खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करती हूं। साथ ही प्रार्थना करती हूं कि आने वाले नव वर्ष में ईश्वर हमारे जीवन में उमंग और ऊर्जा का संचार करें ताकि देश की प्रगति का मार्ग प्रशस्त हो सके।’ हिन्दुस्थान समाचार/आकाश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in