sikkim-counting-of-municipal-elections-started
sikkim-counting-of-municipal-elections-started

सिक्किम: नगरपालिका चुनाव की मतगणना शुरू

गंगटोक, 03 अप्रैल (हि.स.)। सिक्किम के चार जिलों में संपन्न नगरपालिका चुनावों की मतगणना शनिवार सुबह 8 बजे शुरू हो गई। नगर निकाय चुनावों के लिए मतदान 31 मार्च को हुआ था। राज्य के चार जिलों के कुल सात स्थानीय नगर निकायों ने मतदान हुआ था। उल्लेखनीय है कि सिक्किम के इतिहास में पहली बार पार्टी विहीन नगरपालिका चुनाव हुआ है। पीएस तमांग के नेतृत्व में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा पार्टी की सरकार ने गत वर्ष विधानसभा में सिक्किम नगरपालिका अधिनियम, 2007 में संशोधित कराने के साथ नगरपालिका चुनाव को पार्टी विहीन करने का निर्णय लिया था। स्थानीय नगर निकाय में लोगों को स्वतंत्र रूप में अपना जनप्रतिनिधि चुनने का अवसर प्रदान करने और नगर निकायों को राजनीतिक हस्तक्षेप सेअलग रखने के उद्देश्य के साथ राज्य सरकार ने ऐसा निर्णय लिया । इस बार पूर्वी जिले के गंगटोक नगर निगम में 62.61 प्रतिशत, सिंगताम नगर पंचायत में 71.11 प्रतिशत और रंगपो नगर पंचायत में 77.83 प्रतिशत मतदान हुआ है। पश्चिम जिले के गेजिंग नगर पंचायत में 72 प्रतिशत और उत्तर जिले के मंगन नगर पंचायत में 79.14 प्रतिशत मतदान हुआ है। जबकि, दक्षिण जिले के नामची नगर परिषद में 70.87 प्रतिशत और नया बाजार जोरथांग नगर पंचायत में 75.58 प्रतिशत वोट पड़े। वोटों की गिनती की प्रक्रिया आज सुबह 7:30 बजे शुरू हुई। इसके पहले इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को स्ट्रांग रूम से मतगणना केंद्रों में स्थानांतरित किया गया। इस दौरान संबंधित जिले के चुनाव अधिकारी, चुनाव पर्यवेक्षक, उम्मीदवार और उनके चुनाव एजेंट मौजूद थे। वोटों की गिनती राज्य के चार जिलों के जिला प्रशासनिक केंद्रों में होगी। मतगणना केंद्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी, उसके बाद ईवीएम के वोटों की गिनती होगी। हिन्दुस्थान समाचार/बिशाल/ प्रभात ओझा

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in