sikkim-complete-lockdown-extended-for-the-fifth-time-with-some-relaxations
sikkim-complete-lockdown-extended-for-the-fifth-time-with-some-relaxations

सिक्किम: कुछ छूट के साथ पांचवी बार बढ़ाया गया संपूर्ण लॉकडाउन

गंगटोक, 12 जून (हि.स.)। सिक्किम राज्य में चल रहे संपूर्ण लॉकडाउन को कुछ छूट के साथ एक और सप्ताह के लिए बढ़ा दिया गया है। राज्य की वर्तमान स्थिति की समीक्षा और सावधानीपूर्वक विचार करने के बाद लॉकडाउन को बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। राज्य के गृह विभाग द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार लॉकडाउन को 21 जून, 2021 तक बढ़ा दिया गया है। इस अवधि के दौरान लोगों और वाहनों की अंतर-राज्यीय आवाजाही बंद रहेगी। लेकिन आवश्यक और आपातकालीन सेवाओं के अलावा ड्यूटी पर तैनात केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों, सेना, हवाई और रेल से यात्रा करने वाले लोगों को छूट दी गई है। इसी तरह लोगों और वाहनों की अंतर-जिला आवाजाही भी बंद रहेगी। हालांकि जिले के भीतर टैक्सियों, निजी वाहनों और दोपहिया वाहनों को छूट दी गई है। वाहनों को ऑड-ईवन फार्मूला के तहत आवाजाही की अनुमति दी गई है। राज्य सरकार ने शाम पांच बजे तक वाहन शोरूम, ऑटो गैरेज, टायर मरम्मत की दुकान खोलने की अनुमति दी है। इसी तरह जिम, नाई की दुकान, स्पा, पार्लर आदि 50 प्रतिशत क्षमता के साथ शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे। सभी रेस्तरां, फास्ट फूड सेंटर, मिठाई की दुकानें, बेकरी आदि को भी 50 प्रतिशत क्षमता के साथ रात 8 बजे तक खोलने की अनुमति दी गई है। कूरियर और होम डिलिवरी को भी शाम 5 बजे तक छूट दी गई है। राज्य सरकार के अधीनस्थ सभी सरकारी कार्यालय अब 50 प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति के साथ खुलेंगे। दवा कंपनियों को कोविड नियमों का पालन करते हुए शत-प्रतिशत कर्मचारियों के साथ काम करने की छूट दी गई है। इस दौरान सिनेमा हॉल, डिस्कोथेक, स्विमिंग पूल, मनोरंजन पार्क, थिएटर आदि बंद रहेंगे। वहीं रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक रात का कर्फ्यू जारी रहेगा। हिन्दुस्थान समाचार/बिशाल

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in