Shriram temple: not of donations or money collection, campaign of surrender: VHP
Shriram temple: not of donations or money collection, campaign of surrender: VHP

श्रीराम मंदिर : चंदा या धन संग्रह का नहीं, समर्पण का अभियान : विहिप

- दुनिया के सबसे बड़ा निधि अभियान का आगाज 15 जनवरी को लखनऊ, 14 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य व दिव्य मंदिर निर्माण के लिए भारत ही नहीं दुनिया का सबसे बड़ा निधि अभियान का आगाज 15 जनवरी को होगा। इसके लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के न्यासी, विश्व हिन्दू परिषद तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से पूरी तैयारी की जा चुकी है। इस समर्पण निधि के संकलन के लिए नगर, खण्ड, तहसील व जिला सह कार्यालयों का उद्घाटन भी हो चुका है। प्रत्येक जिला में केन्द्रीय कार्यालय भी बनाया गया है। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अम्बरीश ने हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में कहा कि हिन्दू समाज को 492 वर्षो के संघर्षो के बाद श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर बनाने का संकल्प पूरा हुआ है। यह अवसर देश व दुनिया के सम्पूर्ण हिन्दू समाज के वर्तमान पीढ़ी को मिला है। कहा कि राम ने सबको सबकुछ दिया है, अब हमलोगों को देने की बारी है। इस अभियान में श्रद्धा व आदर पूर्वक प्रत्येक हिन्दू समाज श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए आहुत यज्ञ में आहूति दें। बताया कि श्रीराम जन्मभूमि समर्पण निधि अभियान 15 जनवरी से शुरू और 27 फरवरी को समापन होगा। विहिप नेता ने कहा कि करीब पांच सौ वर्षों की लड़ाई के बाद अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर श्रीराम मंदिर का निर्माण हो रहा है। यह हिंदू समाज के लिए गौरव की बात है। कहा कि श्रीराम मंदिर के निर्माण में हिन्दू समाज को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की जरूरत है। क्योंकि भगवान राम के मंदिर का निर्माण हिंदू समाज के सहयोग से ही होगा। अवध प्रान्त के निधि समर्पण अभियान के सह प्रभारी प्रशान्त भाटिया ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि 15 जनवरी को अवध प्रान्त के करीब 280 स्थानों से इस अभियान का आगाज होगा। बताया कि समर्पण अभियान की एक प्रमुख टोली 15 जनवरी को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, द्वय उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा डा. दिनेश शर्मा समेत प्रमुख मंत्रियों के घर जायेगी और उनसे श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए समर्पण निधि लेगी। बताया कि इस अभियान के लिए पूरे उत्तर प्रदेश में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। छात्र-छात्राएं और महिलाओं की ओर से बाइक रैली निकालकर युवा व मातृशक्ति को समर्पण निधि के लिए जागरूक किया जा रहा है। कहा कि श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए हिन्दू समाज अभियान शुरु होने से पहले ही ट्रस्ट के अधिकृत खाते में दिल खोलकर दान करना शुरू कर दिया है। कहा कि यह देश का ही नहीं दुनिया का सबसे बड़ा निधि अभियान होगा। हिन्दुस्थान समाचार/राजेश-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in