shantikunj-announced-pragya-yog-reached-door-to-door-country-will-become-apna-banega-nirog39-campaign
shantikunj-announced-pragya-yog-reached-door-to-door-country-will-become-apna-banega-nirog39-campaign

शांतिकुंज ने की घर-घर पहुंचे प्रज्ञायोग, देश अपना बनेगा निरोग' अभियान की घोषणा

हरिद्वार, 21 जून (हि.स.)। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में सोमवार को सातवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के योगाचार्यों की टीम ने अंतरराष्ट्रीय योगा प्रोटोकाल के तहत योगाभ्यास कराया। शांतिकुंज में योग दिवस पर कोई मंचीय कार्यक्रम नहीं हुआ, लेकिन देश-विदेश के हजारों नर-नारी ने वर्चुअल जुड़कर योगाभ्यास किया। इस मौके पर देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डाॅ. चिन्मय पण्ड्या ने 'घर-घर पहुंचे प्रज्ञायोग, देश अपना बनेगा निरोग' अभियान प्रारंभ करने की घोषणा की। अपने संदेश में अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुख डाॅ. प्रणव पण्ड्या ने सभी को तन को स्वस्थ रखने के लिए योग और मन को सुदृढ़ बनाने के लिए जप-तप करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर से चहुंमुखी विकास के लिए ज्यादा मेहनत कर सकते हैं। देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डाॅ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि भारतीय अध्यात्म की सर्वोच्च विरासत है योग। योग से चेतना का परिष्कार संभव है। योग हमें भीतर से मजबूत बनाता है। उन्होंने अस्सी के दशक से प्रारंभ हुए प्रज्ञायोग पर आधारित विशेष कार्यक्रम 'घर-घर पहुंचे प्रज्ञायोग, देश अपना बनेगा निरोग' अभियान प्रारंभ करने की घोषणा की। अब देश-विदेश के गायत्री परिवार के स्वयंसेवक प्रज्ञायोग को घर-घर पहुंचाने के कार्य में जुट जाएंगे। यह अभियान आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रज्ञायोग से संबंधित आगामी एक वर्ष तक निबंध, शोध पत्र लेखन, सेमिनार, वेबिनार सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन शृंखलाबद्ध तरीके से होगा। इस अवसर पर प्रतिकुलपति डाॅ चिन्मय पण्ड्या ने देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में योग से संबंधित विशेष सर्टिफिकेट कोर्स प्रारंभ करने की घोषणा की। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर वर्चुअल चित्रकला प्रतियोगिता में उत्तराखंड की समृद्धि और ओडिशा की देवकी मेहेर, भाषण प्रतियोगिता में हरिद्वार की अंशिता और राजस्थान के आंसूतोष, रंगोली में ग्वालियर की दिया सिंह एवं ओडिशा की देवकी मेहेर, स्वरचित कविता में बिजनौर के रजतपाल और बिहार के श्याम सुन्दर, स्लोगन में मंडी के माधव गर्ग और शिवपुरी मध्य प्रदेश के कौशल, पोस्टर में उत्तर प्रदेश की दीक्षा वर्मा और फतेहगढ़ की प्रगति वर्मा, निबंध प्रतियोगिता में उदयपुर की हिमांशु कुम्हार और इटावा की प्रियंका ने अपने-अपने आयु वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत शुक्ल/मुकुंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in