results-of-gujarat-civic-elections-are-clear-farmers-are-with-agricultural-reforms-javadekar
results-of-gujarat-civic-elections-are-clear-farmers-are-with-agricultural-reforms-javadekar

गुजरात निकाय चुनावों के नतीजों से साफ, कृषि सुधारों के साथ हैं किसानः जावड़ेकर

नई दिल्ली, 03 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुजरात स्थानीय निकाय चुनावों में मिली सफलता को कृषि सुधार कानूनों पर किसानों की मुहर करार दिया है। पार्टी ने कहा है कि तालुका पंचायत और जिला पंचायतों में भाजपा को मिली सफलता का अर्थ है कि ये किसानों के वोट हैं और किसान कृषि सुधारों के साथ हैं। वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने यहां भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव सम्पन्न हुए हैं। पिछले सप्ताह 6 नगर निगमों के चुनाव हुए, जिनमें भाजपा ने 6 के 6 नगर निगम पिछली बार से अधिक बहुमत के साथ जीते हैं। बीते मंगलवार को 31 जिला पंचायतों के नतीजे आये हैं, जिसमें ग्रामीण और किसान मतदाता होते हैं। जावड़ेकर ने कहा कि वर्ष 2015 में हुए चुनाव में कांग्रेस ने 22 और भाजपा ने मात्र 9 जिला पंचायत जीते थे। लेकिन इस बार भाजपा ने सभी 31 जिला पंचायतों में जीत हासिल की है और वहां कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया। इनमें सीट की संख्या 976 हैं, जिनमें से भाजपा ने 2015 में 368 जीते थे, जबकि इस बार 800 सीट जीती हैं यानी 80 प्रतिशत सीटों पर भाजपा का कब्जा हुआ है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ये बहुत बड़ी सफलता है। वहां 231 तालुका पंचायत हैं जिसमें से भाजपा ने196 पर जीत दर्ज की है। केवल 35 सीटों को छोड़कर सभी जगह भाजपा की जीत हुई है, जबकि कांग्रेस केवल 18 सीटें जीत सकी है। उन्होंने कहा कि 81 नगरपालिकाओं में से 72 जगह भाजपा जीती है, कांग्रेस को केवल 1 मिली है। 18 नगरपालिका में कांग्रेस की इतनी दुर्दशा हुई कि उन्हें 1 भी सीट नहीं मिली, 52 नगरपालिकाओं में 10 का आंकड़ा भी कांग्रेस पार नहीं कर पाई। कांग्रेस ने काफी कोशिश की इस चुनाव को जीतने की किंतु, उसे नाकामी हासिल हुई। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गुजरात में भाजपा ने 2017 का चुनाव जीता। भाजपा एक तरह से 38 साल से सरकार में है। जावड़ेकर ने कहा कि इतने समय तक जनता का साथ मिलना और वो बढ़ते जाना, ये राजनीति में एक अद्भुत करिश्मा है। कुछ विधायक स्थानीय निकाय चुनाव में खुद लड़े, कहीं उनके परिवार के लोग लड़े। लेकिन ऐसे सारे उम्मीदवार हार गए। इस विजय का अर्थ है कि ये किसानों का वोट है और किसान कृषि सुधारों के साथ है। हिन्दुस्थान समाचार/अजीत

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in