ramdas-pandey-former-vice-president-of-bharatiya-mazdoor-sangh-dies
ramdas-pandey-former-vice-president-of-bharatiya-mazdoor-sangh-dies

भारतीय मजदूर संघ के पूर्व उपाध्यक्ष रामदास पांडे का निधन

नागपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक और भारतीय मजदूर संघ के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामदास पांडे का बुधवार देर रात नागपुर में निधन हो गया। वह 76 वर्ष के थे और पिछले कुछ दिनों से कोरोना से संक्रमित थे। रामदास पांडे मूलतः नागपुर जिले के सालई-गोधनी के निवासी थे। बचपन से वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े थे। स्कूली शिक्षा के दौरान वह नागपुर में स्थित संघ मुख्यालय में रहा करते थे। वहीं से उनका संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों से घनिष्ठ परिचय हुआ। द्वितीय सरसंघचालक माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर "गुरुजी" के निर्देश पर 1965 में रामदास पांडे को दिल्ली भेजा गया। दिल्ली जाने के बाद वह भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी के साथ सक्रिय रूप से जुड़े। संघ की व्यवस्था में बतौर प्रचारक उन्होंने विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा, उत्तरप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब आदि राज्यों में रामदास पांडे ने संघ कार्य का विस्तार किया। योग्यता और योगदान को देखते हुए रामदास पांडे को भारतीय मजदूर संघ का उपाध्यक्ष बनाया गया था। पांडे ने दत्तोपंत ठेंगड़ी के अंतिम समय तक उनका साथ निभाया। स्व. दत्तोपंत ठेंगड़ी द्वारा रचित साहित्य के प्रकाशन में रामदास पांडे का बड़ा योगदान रहा है। इस ज्ञान संपदा में थर्ड-वे, सम्रग दर्शन, संकेत रेखा आदि साहित्य कृतियों का समावेश है। वृद्धावस्था के चलते रामदास पांडे बीते कुछ महीनों से नागपुर में रह रहे थे। कुछ दिनों पूर्व उन्हें कोरोना का संक्रमण हुआ था। हिन्दुस्थान समाचार/ मनीष कुलकर्णी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in