राम मंदिर भूमि पूजन में पीएम मोदी के साथ दो सौ प्रमुख हस्तियां होंगी शामिल
राम मंदिर भूमि पूजन में पीएम मोदी के साथ दो सौ प्रमुख हस्तियां होंगी शामिल

राम मंदिर भूमि पूजन में पीएम मोदी के साथ दो सौ प्रमुख हस्तियां होंगी शामिल

- पीएम मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने लिया कारसेवकपुरम से जायजा अयोध्या, 20 जुलाई (हि.स.)। श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के भूमि पूजन के लिए पांच अगस्त की तारीख प्रधानमंत्री कार्यालय से तय मानी जा रही है। इस दिन प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार नरेन्द्र मोदी अयोध्या आएंगे। भूमि पूजन में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास लगभग 40 किलो चांदी की श्रीराम शिला समर्पित करेंगे। राम मंदिर के भूमि पूजन समारोह में पीएम मोदी के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित लगभग पूरे देश से दो सौ हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। साथ ही राम जन्मभूमि आंदोलन में प्रमुख भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. मुरली मनोहर जोशी को भी आमंत्रित किया जाएगा। समारोह में कई प्रदेशों के राज्यपाल भी शामिल होंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल ने 'हिन्दुस्थान समाचार' को बताया कि राम मंदिर के शिलान्यास के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ-साथ देश की कई राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों को कार्यक्रम में आमंत्रण पत्र ट्रस्ट भेजा जा रहा है। कोरोनाकाल में हो रहे भूमि पूजन कार्यक्रम में मंदिर आंदोलन के राजनैतिक अगुुवा रहे लालकृष्ण आडवाणी और डॉ. मुरली मनोहर जोशी की पीढ़ी के शीर्ष नेताओं को निमंत्रण पत्र भेजा गया है। ट्रस्ट के सूत्रों ने बताया कि समारोह में विपक्ष के भी ऐसे नेताओं को आमंत्रित करने पर विचार किया जा रहा है जो कभी राममंदिर के विरोध में बहुत मुखर नहीं रहे। ऐसा माना जा रहा है कि संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन राव भागवत, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सहित करीब 200 प्रमुख हस्तियां अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगी। कल्याण सिंह, उमा भारती समेत राम मंदिर आंदोलन को धार देने वाले नेताओं को भी बुलावा भेजा जा रहा है। पीएम के दौरे की तैयारियों का जायजा लिया प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैलियों को सफल बनाने वाले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कारसेवकपुरम पहुंचकर भी पदाधिकारियों के साथ संघ के भी पदाधिकारियों से गहन गोपनीय चर्चा की जिससे प्रधानमंत्री के अयोध्या आने का कार्यक्रम तय माना जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी भी मंदिर निर्माण में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए रणनीति तैयार करने में जुटी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सोमवार को कारसेवकपुरम में ट्रस्ट व विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान बंद कमरे में घंटों वार्तालाप के बाद उन्होंने अयोध्या के संतों से भी मुलाकात की लेकिन इस दौरान मीडिया से दूरी बनाए रखी। रामलला के दर्शन करने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लखनऊ रवाना हो गए। हिन्दुस्थान समाचार/पवन/राजेश/सुनीत-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in